District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : जीवन आसान’ बनाने को प्रशासन सख्त, सोमवार-शुक्रवार जनता के बीच रहेंगे अधिकारी

आम लोगों की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान

किशनगंज, 21 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, सात निश्चय-3 के तहत सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)’ को प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। सोमवार को जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने आम लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन का निर्देश दिया।

डीएम ने कहा कि अब सप्ताह में दो दिन सोमवार और शुक्रवार को सभी पदाधिकारियों की अपने-अपने कार्यालयों में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। इसका उद्देश्य आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों से सीधे मिलने का अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी कारणवश संबंधित अधिकारी कार्यालय में मौजूद नहीं रहते हैं तो उनके स्थान पर अधिकृत पदाधिकारी लोगों की समस्याएं सुनेंगे।

जिलाधिकारी नवीन कुमार ने सभी सरकारी कार्यालयों में आगंतुकों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। प्रत्येक कार्यालय में आगंतुक पंजी का विधिवत संधारण करते हुए उसमें प्राप्त शिकायतों की प्रविष्टि और उनके समयबद्ध निष्पादन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

इसके अलावा प्रखंड, पंचायत और जिला स्तर पर प्रतिदिन कार्यालय पहुंचने वाले आगंतुकों की संख्या की रिपोर्टिंग भी अनिवार्य की गई है। किसी समस्या या व्यवधान की स्थिति में संबंधित पदाधिकारी को तत्काल अपने वरीय अधिकारी को इसकी जानकारी देनी होगी।

डीएम ने कहा कि आम लोगों को सरकारी कार्यालयों में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। एक से अधिक कार्यालयों का प्रभार संभालने वाले पदाधिकारी सोमवार और शुक्रवार को सुविधा के अनुसार समय निर्धारित कर सभी संबंधित कार्यालयों में उपस्थित होकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे।

उन्होंने निर्देशों का सख्ती से पालन कराने पर जोर देते हुए कहा कि लापरवाही, निर्देशों की अवहेलना या अधिकृत पदाधिकारी की अनुपस्थिति पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button