किशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : 15 अगस्त तक कोचाधामन प्रखंड मुख्यालय में शुरू होगा आधार सेंटर

किशनगंज, 11 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, कोचाधामन के पूर्व विधायक मुजाहिद आलम ने सोमवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं उप विकास आयुक्त सह नोडल पदाधिकारी प्रदीप कुमार झा से मुलाकात कर कोचाधामन प्रखंड मुख्यालय में बंद पड़े आधार सेंटर को जल्द चालू कराने की मांग की। इस संबंध में उन्होंने अधिकारियों को मांग पत्र सौंपा।

पूर्व विधायक ने बताया कि कोचाधामन प्रखंड मुख्यालय में संचालित आधार सेंटर करीब दो महीने से, 17 जून 2026 से बंद है। जिले के सबसे बड़े प्रखंडों में शामिल कोचाधामन में आधार सेंटर बंद रहने से बड़ी संख्या में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आधार से संबंधित कार्यों के लिए लोगों को जिला मुख्यालय किशनगंज का रुख करना पड़ रहा है। इसके बावजूद कई लोगों का काम नहीं हो पाता और उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ता है।

मुजाहिद आलम ने कहा कि आधार से जुड़े कार्यों के लिए लोगों को दूर जाने से समय और पैसे दोनों की बर्बादी हो रही है। उन्होंने जनहित में प्रखंड मुख्यालय स्थित आधार सेंटर को अविलंब शुरू कराने की मांग की।

जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा ने पूर्व विधायक को आश्वस्त किया कि 15 अगस्त तक कोचाधामन प्रखंड मुख्यालय में आधार सेंटर चालू करा दिया जाएगा। इसके अलावा पूर्व विधायक ने किशनगंज-बहादुरगंज पथ निर्माण विभाग की सड़क पर स्थित रुस्तम अली अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय, किशनगंज एवं वक्फ विकास योजना के तहत नवनिर्मित मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स के बीच खुले एवं कच्चे नाले की समस्या को भी अधिकारियों के समक्ष रखा। उन्होंने खुले नाले के स्थान पर पक्के ढक्कन सहित नाला निर्माण कराने की मांग की।

इस पर जिलाधिकारी ने मामले में उचित पहल करने का भरोसा दिलाया। पूर्व विधायक ने कहा कि दोनों मांगें जनहित से जुड़ी हैं और इनके समाधान से आम लोगों को काफी राहत मिलेगी।

Related Articles

Back to top button