District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : हर घर तिरंगा से गूंजेगा किशनगंज, 12 अगस्त को शहर में निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा

किशनगंज में तिरंगे की शान के लिए सजेगा शहीद अशफाकउल्लाह खां स्टेडियम, डीएम-एसपी ने कसी तैयारी की कमान

किशनगंज, 11 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, स्वतंत्रता दिवस समारोह एवं 12 अगस्त को आयोजित होने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर मुख्य समारोह स्थल शहीद अशफाक उल्ला खां स्टेडियम की तैयारी, यातायात, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, सजावट, पेयजल, चिकित्सा, ध्वनि विस्तारक, परेड, सुरक्षा व्यवस्था सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।

डीएम ने नगर परिषद को स्टेडियम में विशेष साफ-सफाई कराने, बारिश के पानी की निकासी सुनिश्चित करने, आवश्यकता के अनुसार मिट्टी भराई और बड़े घासों की कटाई कराने का निर्देश दिया। उन्होंने पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा, ताकि समारोह के दौरान लोगों को परेशानी न हो।

समीक्षा के दौरान महादलित टोलों में भी स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण एवं अभिभाषण कराने के लिए चिन्हित पदाधिकारियों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। डीएम ने परेड दल में नए जवानों को भी अवसर देने को कहा।

शहीद अशफाकउल्लाह खां स्टेडियम में होने वाले परेड एवं मार्च पास्ट में बीएसएफ, एसएसबी, डीएपी के महिला एवं पुरुष जवानों, बिहार गृह रक्षा वाहिनी, एनसीसी तथा स्काउट एंड गाइड की टुकड़ियां शामिल होंगी।

डीएम ने बताया कि 12 अगस्त को सुबह 7:30 बजे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा पश्चिमपाली चौक से शुरू होकर मोहीउद्दीनपुर, चूड़ीपट्टी, सौदागर पट्टी, नेमचंद्र रोड, गांधी चौक और इंटर स्तरीय उच्च विद्यालय किशनगंज होते हुए सरस्वती विद्या निकेतन में समाप्त होगी। उन्होंने अभियान में जनप्रतिनिधियों और आमजनों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, सिविल सर्जन, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button