
रांची, 29 अगस्त 2026। झारखंड में H1N1 (स्वाइन फ्लू) को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शनिवार को राज्य में स्वाइन फ्लू की स्थिति और तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी सिविल सर्जन, मेडिकल कॉलेजों के अधीक्षक एवं प्राचार्य तथा जिला सर्विलेंस पदाधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और संभावित मामलों की समय पर पहचान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि संदिग्ध मरीजों की पहचान, जांच, उपचार और जरूरत पड़ने पर तत्काल रेफरल की व्यवस्था मजबूत रखी जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वाइन फ्लू से निपटने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
अस्पतालों में 10 अतिरिक्त बेड सुरक्षित रखने का निर्देश
स्वास्थ्य विभाग ने राज्य के प्रमुख अस्पतालों में तैयारियां तेज कर दी हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने RIMS रांची समेत सभी मेडिकल कॉलेज अस्पतालों और सदर अस्पतालों में अतिरिक्त 10 बेड सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों में पर्याप्त ऑक्सीजन, आवश्यक दवाइयां और चिकित्सा सामग्री उपलब्ध रखने के साथ ICU और HDU की तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही प्रशिक्षित चिकित्सकीय और पैरामेडिकल टीम की उपलब्धता पर भी जोर दिया गया है।
ILI और SARI मामलों की होगी लगातार निगरानी
स्वास्थ्य मंत्री ने सभी जिलों में Influenza Like Illness (ILI) और Severe Acute Respiratory Infection (SARI) के मामलों की निगरानी और रिपोर्टिंग को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया है। जिला सर्विलेंस पदाधिकारियों को संक्रमण की स्थिति पर लगातार नजर रखने और किसी भी गंभीर या संभावित मामले की जानकारी तत्काल स्वास्थ्य विभाग को देने को कहा गया है।
एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी नजर
स्वास्थ्य विभाग को एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। बुखार, खांसी, गले में दर्द, सर्दी-जुकाम या सांस संबंधी परेशानी वाले लोगों का जरूरत के अनुसार क्लिनिकल असेसमेंट किया जाएगा। चिकित्सकीय आवश्यकता होने पर Influenza/H1N1 की जांच कराई जाएगी और गंभीर मरीजों को तत्काल उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
मंत्री बोले—समय पर इलाज से अधिकांश मरीज स्वस्थ होते हैं
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि H1N1 एक श्वसन संबंधी वायरल संक्रमण है और समय पर पहचान एवं उचित चिकित्सकीय उपचार मिलने पर अधिकांश मरीज स्वस्थ हो जाते हैं। उन्होंने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि बुखार, खांसी, गले में दर्द, सर्दी-जुकाम या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए।
“सतर्क रहें, घबराएं नहीं”
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों के स्वास्थ्य और जीवन की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। स्वास्थ्य विभाग की सभी इकाइयों को अलर्ट मोड में रखा गया है और स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है।उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए जांच, उपचार, निगरानी और रेफरल की व्यवस्था को मजबूत किया गया है। उन्होंने राज्यवासियों से अपील की कि सतर्क रहें, सावधानी बरतें और लक्षण होने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श लें।



