किशनगंज : औचक निरीक्षण में एसपी ने परखी थानों की व्यवस्था, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के दिए निर्देश

किशनगंज, 07 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह/फ़रीद अहमद, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने गुरुवार देर शाम ठाकुरगंज पुलिस अनुमंडल के ठाकुरगंज, गलगलिया और कुर्लीकोट थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तीनों थानों की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण, मालखाना, शस्त्रागार, हाजत, आगंतुक कक्ष तथा उपलब्ध तकनीकी संसाधनों की कार्यप्रणाली का गहन जायजा लिया। इस दौरान थाना परिसर की व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
एसपी ने मालखाना और शस्त्रागार के रखरखाव की स्थिति का निरीक्षण किया तथा हाजत और आगंतुक कक्ष की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने थानों में उपलब्ध तकनीकी संसाधनों का अधिकतम और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि पुलिसिंग को आधुनिक, पारदर्शी और अधिक दक्ष बनाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थानों में दर्ज मामलों से संबंधित अभिलेखों, रजिस्टरों और फाइलों के रखरखाव की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी रिकॉर्ड को नियमित रूप से अद्यतन रखने तथा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर दिया। साथ ही अनुसंधान कार्यों में तेजी लाने और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
पुलिस अधिकारियों और जवानों को संबोधित करते हुए एसपी संतोष कुमार ने कहा कि थाना पहुंचने वाले प्रत्येक पीड़ित और फरियादी के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। जन-शिकायतों का त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
किशनगंज पुलिस प्रशासन के अनुसार, समय-समय पर किए जाने वाले ऐसे औचक निरीक्षणों का उद्देश्य थानों की कार्यक्षमता बढ़ाना, पुलिस बल में अनुशासन और जवाबदेही को मजबूत करना तथा आम नागरिकों को पारदर्शी, त्वरित और प्रभावी पुलिस सेवा उपलब्ध कराना है।



