District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : चमरानी घाट पर अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 8 लोहे की नावें ध्वस्त

किशनगंज, 07 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह/फ़रीद अहमद, जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पोठिया थाना क्षेत्र के चमरानी घाट पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। जिला खनन विभाग एवं पोठिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अवैध बजरी खनन में प्रयुक्त आठ लोहे की नावों को ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई का नेतृत्व जिला खनन विभाग के खान निरीक्षक सुनील कुमार ने किया। इस दौरान पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी और पोकलेन मशीन की सहायता से अवैध खनन में इस्तेमाल की जा रही लोहे की नावों को मौके पर ही तोड़ दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि इन नावों के जरिए नदी से अवैध रूप से बजरी निकालकर उसका परिवहन किया जा रहा था, जिससे सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था।

छापेमारी के दौरान अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया। प्रशासन की कार्रवाई की भनक लगते ही कई लोग मौके से फरार हो गए। शुक्रवार को खान निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि अवैध खनन से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है और उनके विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खनन विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन, भंडारण और खनिजों के अवैध परिवहन पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए नियमित रूप से अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी के निर्देश पर ऐसे संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि प्राकृतिक संसाधनों का अवैध दोहन रोका जा सके। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध खनन या परिवहन में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ खनन अधिनियम एवं अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।अधिकारियों ने कहा कि जिले में कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button