District Adminstrationकिशनगंजठाकुरगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़स्वास्थ्य

ठाकुरगंज पीएचसी के तत्कालीन प्रभारी डॉ. अखलाकुर्रहमान आरोपमुक्त, दोबारा प्रभार देने की अनुशंसा

किशनगंज, 07 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह/फ़रीद अहमद, ठाकुरगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के तत्कालीन चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अखलाकुर्रहमान को कर्मचारियों द्वारा लगाए गए आरोपों से पूर्णिया प्रमंडल आयुक्त कार्यालय ने आरोपमुक्त कर दिया है। आयुक्त कार्यालय से जारी आदेश में कहा गया है कि मामले की जांच उप निदेशक (कल्याण), पूर्णिया प्रमंडल से कराई गई थी, जिसमें डॉ. अखलाकुर्रहमान पर लगाए गए सभी आरोप मनगढ़ंत और आधारहीन पाए गए।

आयुक्त कार्यालय के अनुसार, उप निदेशक (कल्याण) ने जांच पूरी कर 12 मई 2026 को अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत किया था। जांच रिपोर्ट की सम्यक समीक्षा के बाद आयुक्त कार्यालय ने डॉ. अखलाकुर्रहमान के विरुद्ध लगाए गए सभी आरोपों से उन्हें मुक्त करते हुए स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों के अनुरूप उन्हें पुनः ठाकुरगंज पीएचसी का प्रभार दिए जाने की अनुशंसा की है।

जारी आदेश में असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, किशनगंज को निर्देश दिया गया है कि स्वास्थ्य विभाग, बिहार के 26 जुलाई 2023 के प्रावधानों के आलोक में डॉ. अखलाकुर्रहमान को वरीयतम चिकित्सा पदाधिकारी होने के नाते नियमानुसार तत्कालीन चिकित्सा पदाधिकारी का प्रभार देना सुनिश्चित करें। आदेश की प्रतिलिपि संबंधित अधिकारियों और जिला प्रशासन को भी भेजी गई है।

गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व ठाकुरगंज पीएचसी के कुछ स्वास्थ्य कर्मियों ने डॉ. अखलाकुर्रहमान के खिलाफ विभिन्न आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। इसके बाद आयुक्त के निर्देश पर मामले की विस्तृत जांच कराई गई। जांच में आरोपों की पुष्टि नहीं होने पर उन्हें आरोपमुक्त घोषित कर दिया गया।

हालांकि, आयुक्त कार्यालय द्वारा प्रभार देने की अनुशंसा किए जाने के बावजूद अब तक उन्हें दोबारा ठाकुरगंज पीएचसी का प्रभार नहीं सौंपा गया है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के अगले कदम पर सभी की नजरें टिकी हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि विभाग आदेश के आलोक में डॉ. अखलाकुर्रहमान को कब पुनः चिकित्सा प्रभारी का दायित्व सौंपता है।

Related Articles

Back to top button