किशनगंजब्रेकिंग न्यूज़राज्य

किशनगंज : जिले में रविवार को भी रहा हीटवेव का असर पछुआ हवा के प्रभाव से अधिकतम तापमान बढ़ा रहा।

किशनगंज, 14 मई (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, रविवार को भी हीटवेव का असर जिले में देखा गया। जिससे सड़कों पर आवाजाही कम देखी गयी। पछुआ हवा के प्रभाव से अधिकतम तापमान बढ़ा रहा। जिस कारण तेज धूप व उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल रहे।अधिकांश लोग घरों में बंद रहे। वही लोग घरों से बाहर थे जिन्हें आवश्यक काम से घर से निकलना पड़ा। मौसम शुष्क रहने व आद्रता में कमी के कारण हीटवेव का असर रहा। धूप में निकलने पर हल्का जलन का सामना करना पड़ा। हालांकि शनिवार व शुक्रवार को पूरबा हवा का प्रभाव रहने से मौसम थोड़ा सामान्य हो गया था। जिससे हीट वेव का प्रभाव भी कम था। लेकिन रविवार की सुबह से ही धूप की तीखी किरणें दोपहर होते होते इतनी तल्ख हो गयी कि लोगों को बेहाल कर दिया। लोग जहां भी खड़े होते पसीने से तर बतर हो जाते। लोग प्यास से व्याकुल हो रहे थे। तेज धूप के कारण घर के टंकियों के तपने से नलों से गर्म पानी निकलता रहा। जिससे लोगों को नल छुना मुश्किल हो रहा था। सुबह 9 बजे से ही आसमान से तेज धूप की किरणें आग बरसा रही थी। हालांकि रविवार का दिन होने के कारण सरकारी कार्यालय व आधा दिन के बाद बाजार बंद रहने से सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम दिख रही थी। घरों से निकले लोग धूप से इतने व्याकुल हो रहे थे कि जहां पेड़ों की छांव दिख जाती वहां सुस्ताने लग जा रहे थे। गर्मी व उमस इतनी की घर में पंखा भी बेअसर हो रहा था। रविवार को न्यूनतम तापमान 24 व अधिकतम 39 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो 15 व 16 मई को मौसम में परिवर्तन आ सकता है। मौसम वैज्ञानिक डा. संतोष कुमार की मानें तो दो दिनों तक प्रदेश के उत्तरी भागों व सुपौल सहित सीमांचल में मेघ गर्जन के साथ आंधी-वर्षा व वज्रपात की संभावना है। जबकि पटना सहित आसपास के जिलों में हीटवेव का अलर्ट है।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button