देशब्रेकिंग न्यूज़राजनीति

*जनता के पेट से लेकर मरीजों के बेड तक टैक्स वसूल रही है मोदी सरकार- अखिलेश प्रताप सिंह*

सरकारी खजाने से निकलकर पैसा जनता तक नहीं मित्रों तक पहुंच जाता है- अखिलेश प्रताप सिंह

त्रिलोकी नाथ प्रसाद:-देशभर में चरम पर पहुंची महंगाई तथा बेरोजगारी को लेकर आज कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार की जमकर खिंचाई की।आगामी 4 सितंबर को नई दिल्ली में महंगाई- बेरोजगारी के खिलाफ विशाल हल्ला बोल रैली कांग्रेस द्वारा आयोजित होगी।आज पटना स्थित सदाकत आश्रम में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि केंद्र की निष्ठुर मोदी सरकार ने पूरे देश में गरीबों तथा मध्यम वर्ग के लोगों को महंगाई तथा बेरोजगारी के चक्की में पीस कर रख दिया है।

उन्होंने कहा कि देश में महंगाई अपने चरम पर है।वहीं दूसरी तरफ देश के दो धन्ना सेठों के विकास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने जीडीपी का मतलब गैस-डीजल- पेट्रोल समझ लिया है।इसलिए सकल घरेलू उत्पाद को बढ़ाने के जगह गैस-पेट्रोल तथा डीजल के दाम को बढ़ाते रहती है।यह सरकार इसी को जीडीपी का बढ़ना समझती है।

उन्होंने कहा कि बिहार की मिट्टी ने कई बार व्यवस्थाओं को बदला है।बिहार की भूमि क्रांति की प्रतीक है।आज यहीं से केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ देशव्यापी युद्ध का आगाज हो रहा है। उन्होंने कहा कि 2014 से लेकर अभी तक 8 वर्षों के दौरान देश में महंगाई तथा बेरोजगारी अपने चरम स्तर पर है।मगर यह दुर्भाग्य है कि केंद्र की मोदी सरकार ना इसे स्वीकारने को तैयार है और ना ही इसे कम करने की दिशा में प्रयत्नशील है।

उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार जनता की पेट से लेकर मरीजों के बेड तक से टैक्स की वसूली कर रही है।एक तरफ देश भर में सभी प्रकार के लघु मध्यम कारोबारों को ठप कर दिया गया है। जिस वजह से जनता की आमदनी घट गई है इसी कारण सरकार के पास भी राजस्व संग्रह नहीं हो पा रहा है जिसे ठीक करने के बजाय जबरन दूध,दही, घी,आटा तथा कपड़े जैसे वस्तुओं पर टैक्स लगाकर सरकार गरीबों पर सितम ढा रही है।शिक्षा के क्षेत्र में भी यह सरकार गुजरात माडल के तर्ज पर निजीकरण कर रही है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में आईआईटी, मैनेजमेंट, इंजीनियरिंग तथा मेडिकल कॉलेजों में जो फीस वसूली जाती थी। आज अगर वसूली जाने वाली फीस से उसकी तुलना की जाए।तो जनता की आंखें खुल जाएगी।

उन्होंने कहा कि महंगाई का आलम यह है कि आज देश में कोई आम आदमी अपना मकान बनाने के लिए सोच तो सकता है।लेकिन बनाना अब उसके वश की बात नहीं रह गई है उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से लेकर 2014 तक पूरे देश में 54 हजार करोड़ का कर्ज था।लेकिन मोदी सरकार ने महज 8 वर्षों में इसे बढ़ाकर एक लाख 54 हजार करोड़ कर दिया।देश के प्रति व्यक्ति पर औसत कर्जा तकरीबन 45 हजार था।लेकिन इन 8 वर्षों में बढ़कर 1 लाख 9 हजार हो गया है उन्होंने कहा कि प्राइवेटाइजेशन के नाम पर जिन निजी एजेंसियों-कंपनियों को सरकार आउटसोर्सिंग के तहत काम दे रही है।उन्हें भुगतान सरकार ही देती है।डायरेक्ट नियुक्तियां नहीं कर सरकार के द्वारा आउटसोर्सिंग पर जो पैसा बहाया जा रहा है।उससे उनके मित्र लाभान्वित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकारी खजाने से निकलने वाला और पैसा डायरेक्ट जनता के पास जाने की जगह सरकार के मित्रों के पास चला जा रहा है।उन्होंने कहा कि आगामी 2020 के चुनाव में पूरे देश की जनता केंद्र की भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने वाली है।जिसकी शुरुआत बिहार की धरती से महा गठबंधन सरकार के गठन के रूप में हो चुकी है।उन्होंने कहा कि आज आम व्यक्ति मोदी सरकार के दमनकारी आर्थिक नीतियों के वजह से खून के आंसू बहाने पर विवश है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने साफ शब्दों में कहा कि महंगाई तथा बेरोजगारी केंद्र सरकार की लापरवाही तथा स्वार्थपरक नीतियों की देन है।उन्होंने कहा की दो खास लोगों के विकास के लिए पूरे देश के आम लोगों के विकास का गला घोंटा जा रहा है।

संवाददाता सम्मेलन में बिहार प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष कौकब कादरी, पूर्व मंत्री अवधेश कुमार सिंह,सदस्यता अभियान के प्रभारी ब्रजेश प्रसाद मुनन, बिहार प्रदेश कांग्रेस मीडिया कमेटी के चेयरमैन राजेश राठौड़, कुमार आशीष, असित नाथ तिवारी ,सौरभ सिन्हा उपस्थित थे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button