ताजा खबर

*ताशकंद में भारत-उज्बेकिस्तान के संबंधों को नई ऊंचाई देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को डॉ. प्रेम कुमार ने दी बधाई*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के उज्बेकिस्तान के ताशकंद दौरे को भारत की विदेश नीति, ऊर्जा सुरक्षा और वैश्विक कूटनीति की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति श्री शवकत मिर्जियोयेव के बीच हुई सार्थक वार्ता के बाद दोनों देशों के संबंधों को “व्यापक रणनीतिक साझेदारी” (Comprehensive Strategic Partnership) तक ले जाना भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा और प्रधानमंत्री मोदी की प्रभावी कूटनीति का परिणाम है।
उज्बेकिस्तान से भारत को दीर्घकालिक यूरेनियम आपूर्ति की दिशा में हुई महत्वपूर्ण प्रगति देश की ऊर्जा सुरक्षा और शांतिपूर्ण परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम को मजबूती प्रदान करेगी। यह समझौता भारत की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने और भविष्य की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। भारत और उज्बेकिस्तान के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा, डिजिटल तकनीक, महत्वपूर्ण खनिज, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और अंतरिक्ष सहित अनेक क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार दोनों देशों के विकास को नई गति देगा। दोनों देशों ने वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 5 अरब डॉलर से अधिक करने का लक्ष्य भी निर्धारित किया है।प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व के प्रमुख देशों के साथ समानता, सम्मान और पारस्परिक हितों के आधार पर मजबूत संबंध स्थापित कर रहा है। ताशकंद में प्रधानमंत्री को उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च राजकीय सम्मान प्रदान किया जाना भी भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मजबूत हो रहे भारत-उज्बेकिस्तान संबंधों का प्रमाण है।

उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को इस ऐतिहासिक और सफल विदेश यात्रा के लिए पुनः हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि भारत और उज्बेकिस्तान की यह नई रणनीतिक साझेदारी दोनों देशों की जनता के लिए समृद्धि, शांति, विकास और ऊर्जा सुरक्षा के नए अवसर लेकर आएगी।

 

Related Articles

Back to top button