किशनगंजघटना/दुर्घटनाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

बहादुरगंज : NH-327E पर दो ट्रकों की भीषण टक्कर, चालक केबिन में फंसा

किशनगंज, 08 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बहादुरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत आजाद चौक गुआबाड़ी पुल के समीप एनएच-327ई पर दो ट्रकों के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में एक ट्रक का चालक केबिन में फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा।

जानकारी के अनुसार, एक ट्रक बहादुरगंज से अररिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे वाले ट्रक का अगला हिस्सा और केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उसका चालक केबिन में ही फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही बहादुरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला। इसके बाद घायल चालक को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घायल चालक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी राजू शर्मा, पिता रमेश शर्मा के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण ओवरटेक किए जाने को बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।

हादसे के कारण एनएच-327ई पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त दोनों ट्रकों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका। बहादुरगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button