*गोवा में खनन एवं कोयला क्षेत्र में सुधार पर राष्ट्रीय मंथन, बिहार के खनन मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार रखेंगे राज्य के आर्थिक एवं औद्योगिक विकास का रोडमैप*
त्रिलोकी नाथ प्रसाद/खनन एवं कोयला क्षेत्र में सुधार विषय पर केंद्रीय कोयला एवं खनन मंत्री जी किशन रेड्डी की अध्यक्षता में गोवा में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
-आयोजित कार्यक्रम के दौरान संबोधित करेंगे बिहार के माननीय खान एवं भूतत्व मंत्री
पटना, 04 नवंबर 2026।
बिहार सरकार के माननीय खनन एवं भूतत्व मंत्री श्री प्रमोद कुमार दिनांक 05 नवंबर 2026 को गोवा के दौरे पर रहेंगे।केंद्रीय कोयला एवं खनन मंत्री श्री जी०किशन रेड्डी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में खनन एवं भूतत्व मंत्री,बिहार ‘खनन एवं कोयला क्षेत्र में सुधार, बिहार का आर्थिक परिवर्तन एवं औद्योगिक विकास’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे तथा कार्यक्रम में उपस्थित केंद्र एवं राज्य सरकार के वरीय पदाधिकारियों, निवेशकों, तकनीकी विशेषज्ञों, उद्योग संघों के प्रतिनिधियों एवं अन्य हितधारकों को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देश में खनन एवं कोयला क्षेत्र को अधिक पारदर्शी, कुशल, प्रतिस्पर्धी एवं सतत विकासोन्मुख बनाने की दिशा में विभिन्न राज्यों द्वारा किए जा रहे प्रयासों को प्रोत्साहित करना है। इस अवसर पर खनन प्रशासन में सुधार, तकनीकी नवाचार, निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक विकास तथा खनिज संसाधनों के प्रभावी उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
माननीय मंत्री अपने संबोधन में बिहार में खनन एवं भूतत्व क्षेत्र में किए जा रहे सुधारात्मक प्रयासों, राज्य की खनिज संपदा, निवेश की संभावनाओं तथा खनन आधारित औद्योगिक विकास के माध्यम से रोजगार सृजन एवं आर्थिक समृद्धि की संभावनाओं को रेखांकित करेंगे।
यह कार्यक्रम खनन एवं कोयला क्षेत्र से जुड़े अधिकारियों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, निवेशकों, शोधकर्ताओं एवं तकनीकी विशेषज्ञों के सामूहिक प्रयासों को साझा करने तथा आपसी सहयोग को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण मंच है। साथ ही, वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में खनन एवं कोयला क्षेत्र की प्रभावी भूमिका सुनिश्चित करने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण साबित होगा।

