District Adminstrationबिहारब्रेकिंग न्यूज़

सहरसा : भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने को लेकर एसएसबी/एपीएफ की बैठक

संयुक्त गश्ती नियमित करने, सीमा स्तंभों की मरम्मत और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल साझा करने पर बनी सहमति

सहरसा, 30 अक्टूबर (के.स.)। अजय कुमार, भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को लेकर शुक्रवार को भीमनगर चेकपोस्ट पर 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बीरपुर एवं नेपाल सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के अधिकारियों की समन्वय बैठक हुई। बैठक में सीमा क्षेत्र में होने वाली अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण, सूचनाओं के आदान-प्रदान और संयुक्त गश्ती को नियमित एवं प्रभावी बनाने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।

बैठक में विशेष रूप से मादक पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी, अवैध आवागमन और अन्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम पर जोर दिया गया। दोनों देशों के अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों से संबंधित सूचनाएं तत्काल साझा करने तथा आपसी तालमेल के साथ कार्रवाई करने पर सहमति जताई।

इस दौरान सीमा क्षेत्र में अतिक्रमण से जुड़े मामलों, नेपाल में पकड़े गए भारतीय नागरिकों के मामलों तथा भारत-नेपाल सीमा पर स्थापित सीमा स्तंभों की मरम्मत और रखरखाव को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने संयुक्त गश्ती को अधिक नियमित बनाने और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहयोग की व्यवस्था मजबूत करने पर बल दिया।

बैठक में एसएसबी 45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह, 56वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी प्रवीण कुमार, उप कमांडेंट हरजीत राव, सहायक कमांडेंट राहुल कुमार और उपनिरीक्षक अनिल कुमार सहित अन्य जवान मौजूद थे।

नेपाल एपीएफ की ओर से चौथी बटालियन के एसपी लावा कुमार सापकोटा, छठी बटालियन के एसपी नवीन सिंह राय, हरिपुर के डीएसपी फुरजही शेरपा, बीओपी बरसाइन के इंस्पेक्टर बिंदुर कार्की और बीओपी टीलाडी के इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह चेसर सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए।

बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने सीमा सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आपसी विश्वास, सहयोग और समन्वय को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता जताई। साथ ही सीमा से जुड़ी समस्याओं का आपसी बातचीत के माध्यम से समाधान करने पर सहमति बनी। सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न बैठक में भविष्य में भी नियमित रूप से ऐसी समन्वय बैठकें आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button