बिहारब्रेकिंग न्यूज़

सहरसा : पोस्ट ऑफिस रोड में आग लगने से दस लाख मूल्य की संपत्ति जलकर स्वाहा

सहरसा, 12 अक्टूबर (के.स.)। अजय कुमार, जिले के सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल मुख्यालय स्थित पोस्ट ऑफिस रोड में मध्य रात्रि मुरली चौक स्थित दो दुकान में भीषण आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख स्वाहा हो गया। अगलगी की इस घटना में एक डीजे की दुकान और एक किराना दुकान में रखा सामान पूरी तरह जल गया। दोनों दुकानदारों को करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है।

आग लगने की घटना के बाद मुहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे। हालांकि, आग की लपटें इतनी तेज थी कि लोगों के अथक प्रयास नाकाम साबित हुईं और देखते ही देखते आग ने दोनों दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। पीड़ित अशोक भगत की डीजे दुकान में रखे डीजे सहित अन्य सामान जलकर राख हो गए। इससे करीब छह लाख रुपये की क्षति का अनुमान है। उनके भाई संतोष भगत की किराना दुकान में रखा सारा सामान जल गया। किराना दुकान में करीब चार लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान की बात बताई जा रही है।

घटना के बाद दोनों दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। आग लगने के कारण में दुकानदारों ने बताया गया की दीप जलाकर दुकान बंद कर घर चले गए थे।

अगलगी की घटना के दौरान बख्तियापुर थाना के चौकीदार दीपनारायण कुमार अपनी ड्यूटी पर थे। इसी दौरान जब वह मुरली चौक के समीप पहुंचे तो उनकी नजर दुकानों से निकल रहे घने धुएं पर पड़ी। उन्होंने तत्काल शोर मचाकर आसपास के लोगों को जगाया और आग लगने की जानकारी दी।

इसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। हालांकि, आग की लपटें तेज होने के कारण उस पर काबू पाना संभव नहीं हो सका। घटनास्थल के आसपास घनी आबादी है। ऐसे में आग के दूसरी दुकानों और घरों तक फैलने की आशंका बनी हुई थी। स्थानीय लोगों का कहना था कि समय रहते चौकीदार की नजर आग पर नहीं पड़ती तो आसपास के घरों और दुकानों को भी भारी नुकसान हो सकता था।

अग्निकांड की सूचना पर बख्तियारपुर थाना की डायल 112 टीम में शामिल पुलिस अवर निरीक्षक विकास कुमार सिंह मौके पर पहुंच अग्निशमन विभाग को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।

अग्निशमन टीम में सब आफिसर अभितांश कुमार, प्रधान अग्निक अनुराग कुमार, अनिमेष कुमार, चालक दीपक कुमार, अमित कुमार तथा अग्निक दुर्गेश कुमार, मनीष कुमार, प्रवीण कुमार, राहुल कुमार और ममता कुमारी शामिल थे। समय रहते आग पर काबू पाने से आसपास के घरों और दुकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button