ताजा खबर

*हिंदी माह के अवसर पर केंद्रीय विद्यालय जहानाबाद ऐनवा में पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन*

सुमित रंजन पाण्डेय/पटना/जहानाबाद*- पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय ऐनवा, जहानाबाद के पुस्तकालय में 24 सितम्बर को हिंदी माह के अवसर पर हिंदी पुस्तकों की विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य श्री रवींद्र राम ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद पुस्तकालयाध्यक्ष श्री वेद प्रकाश आर्य ने ‘हिंदी हमारी पहचान’ कविता का वाचन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्नातकोत्तर शिक्षक (हिंदी) श्री अखिलेश कुमार गुप्ता ने हिंदी भाषा के महत्व एवं उसके गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने श्री संजीवता सिंह द्वारा लिखित ‘मलाला एक बहादुर लड़की की कहानी’ पुस्तक का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों में नियमित रूप से पुस्तक पढ़ने की आदत विकसित करने पर जोर दिया।
प्राचार्य श्री रवींद्र राम ने अपने अभिभाषण में पुस्तक प्रदर्शनी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को विभिन्न महापुरुषों की जीवनियों को पढ़ने और उनके प्रेरणादायी विचारों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि की अच्छी पुस्तकों का चयन कर नियमित अध्ययन करने तथा विद्यालय पुस्तकालय का अधिक से अधिक उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही, उन्होंने नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन पुस्तकालयाध्यक्ष श्री वेद प्रकाश आर्य ने किया। उन्होंने मोबाइल और इंटरनेट के माध्यम से विभिन्न वेबसाइटों पर उपलब्ध हिंदी पुस्तकों को पढ़ने एवं डाउनलोड करने की जानकारी विद्यार्थियों को दी। उन्होंने बच्चों में शुद्ध हिंदी पठन की आदत विकसित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

पुस्तक प्रदर्शनी में हिंदी की लगभग 1200 पुस्तकों को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पुस्तक समीक्षा प्रतियोगिता में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षित स्नातक शिक्षिका (हिंदी) श्रीमती निकिता ने धन्यवाद ज्ञापन किया। प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों में हिंदी साहित्य के प्रति रुचि और नियमित पठन की संस्कृति विकसित करने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button