ठाकुरगंज : पीएम सूर्य घर योजना के लिए आसान ऋण उपलब्ध कराने पर जोर
सांसद प्रतिनिधि ने बैंक अधिकारियों से की चर्चा, प्रखंड स्तर पर शिविर लगाने की मांग

किशनगंज, 23 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, ठाकुरगंज स्थित उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक शाखा में मंगलवार को सांसद प्रतिनिधि सह बैंकिंग निगरानी समिति सदस्य अमित राज यादव ने शाखा प्रबंधक एवं बैंक अधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक में योजना के तहत बिजली उपभोक्ताओं को सोलर पैनल लगाने के लिए सुलभ ऋण उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
अमित राज यादव ने कहा कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचना चाहिए। घरों में सोलर पैनल लगने से उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत मिलने के साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बैंक अधिकारियों से पात्र लाभुकों को ऋण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को सरल बनाने पर भी चर्चा की।
शाखा प्रबंधक ने बताया कि बैंक के निर्धारित सर्कुलर के अनुसार 680 या उससे अधिक सिबिल स्कोर वाले ग्राहकों को सोलर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं 600 सिबिल स्कोर वाले ग्राहकों को भी, यदि उनका खाता डिफॉल्ट या राइट-ऑफ में नहीं है, तो नियमानुसार ऋण देने पर विचार किया जा सकता है।
बैठक के बाद सांसद प्रतिनिधि ने प्रखंड विकास पदाधिकारी से मुलाकात कर इस संबंध में पत्र सौंपा। उन्होंने प्रखंड स्तर पर प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ जागरूकता शिविर आयोजित कराने की मांग की। उनका कहना था कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाकर लोगों को योजना, ऋण प्रक्रिया और पात्रता की जानकारी दी जाए, ताकि अधिक से अधिक बिजली उपभोक्ता सौर ऊर्जा योजना का लाभ उठा सकें।



