बिहारब्रेकिंग न्यूज़

सहरसा : वाशिंगपिट पहुंची खाली ट्रेन के एसी कोच से 33 लीटर विदेशी शराब बरामद

आरपीएफ की गुप्त निगरानी के दौरान कार्रवाई, 44 बोतल विदेशी शराब जब्त

सहरसा, 23 सितंबर (के.स.)। अजय कुमार, आरपीएफ ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सहरसा वाशिंगपिट पहुंची खाली ट्रेन के एसी कोच से 33 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 43 हजार रुपये बताई गई है। हालांकि, मौके से किसी तस्कर की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। आरपीएफ के अनुसार, 22 सितंबर को सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 15566 से विदेशी शराब छिपाकर ले जाई जा रही है। आशंका थी कि ललितग्राम से सहरसा लौटने वाले खाली रैक में शराब तस्कर मौका पाकर शराब निकाल सकते हैं।

सूचना के बाद निरीक्षक धनंजय कुमार और सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार काजी को ट्रेन में गुप्त निगरानी के लिए तैनात किया गया। राघोपुर से प्रधान आरक्षी सतेन्द्र नाथ तिवारी तथा सरायगढ़ से प्रधान आरक्षी बाबलु शर्मा को भी निगरानी में लगाया गया।आरपीएफ के जवानों ने ट्रेन की सहरसा तक लगातार गुप्त निगरानी की।

23 सितंबर की सुबह करीब 5:15 बजे खाली रेक सहरसा स्टेशन के प्लेटफॉर्म लाइन संख्या-2 पर पहुंची। निरीक्षक धनंजय कुमार के साथ सहायक उप निरीक्षक सुनील कुमार पांडेय ने ट्रेन को अटेंड कर निगरानी शुरू की। एसी कोच संख्या बी-1 और बी-2 में कुछ लावारिस बैग और सामान दिखाई दिए, लेकिन काफी देर तक कोई उन्हें लेने नहीं पहुंचा।

इसके बाद सुबह करीब 7:15 बजे खाली रेक सफाई के लिए सहरसा वाशिंगपिट रवाना हुई। वहां भी आरपीएफ जवानों ने गुप्त निगरानी जारी रखी। करीब 7:17 बजे वाशिंगपिट पहुंचने के बाद एसी कोच की जांच की गई। बी-1 कोच में सीट संख्या 33 और 49 के नीचे से पीले रंग के कपड़े के दो झोले संदिग्ध अवस्था में मिले। वहीं बी-2 कोच में सीट संख्या 17 और 29 के नीचे से एक रेक्सीन बैग और एक प्लास्टिक का झोला बरामद किया गया। जांच के दौरान सभी बैग और झोलों से विदेशी शराब की बोतलें बरामद हुईं।

आरपीएफ ने कुल 44 बोतल विदेशी शराब जब्त की। इसमें रॉयल स्टैग की 10 बोतल, ब्लेंडर्स प्राइड की 6 बोतल और सिग्नेचर की 28 बोतल शामिल हैं। प्रत्येक बोतल 750 एमएल की थी। इस तरह कुल 33 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 43 हजार रुपये आंकी गई।

आरपीएफ द्वारा मौके पर फर्द जब्ती सूची तैयार कर शराब को जब्त किया गया। अग्रेतर कार्रवाई के लिए सहरसा उत्पाद विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई। बाद में जब्त शराब और संबंधित कागजात उत्पाद विभाग को सौंप दिए गए। मामले में शराब तस्कर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button