सहरसा : बलभद्र पूजनोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब, जयघोष से गूंजा शहर
शोभायात्रा में पीले वस्त्रों में शामिल हुए श्रद्धालु, रथ पर सजे भगवान बलभद्र की झांकी बनी आकर्षण

सहरसा, 20 सितंबर (के.स.)। अजय कुमार, जिले के सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद के हाई स्कूल मैदान में रविवार को कलवार समाज की ओर से भगवान बलभद्र का पूजनोत्सव धूमधाम एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। पूजनोत्सव को लेकर सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। कार्यक्रम स्थल पर भगवान बलभद्र की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की गई। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान बलभद्र से सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद कार्यक्रम स्थल से भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाज के लोगों के साथ आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पीले वस्त्र धारण किए श्रद्धालु भगवान बलभद्र के जयकारे लगाते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए। गाजे-बाजे के साथ निकली शोभायात्रा से शहर का माहौल भक्तिमय हो गया। रास्ते भर श्रद्धालु ‘जय बलभद्र भगवान’ के जयघोष करते रहे।
शोभायात्रा हाई स्कूल मैदान से निकलकर पोखर रोड, मल्लिक टोला, स्टेशन चौक, मुख्य बाजार, ब्लाक चौक, डाकबंगला चौक, पुरानी बाजार, चौधरी टोला, शर्मा चौक एवं माखन टोला होते हुए पुनः कार्यक्रम स्थल पहुंची, जहां शोभायात्रा का समापन हुआ। इस दौरान विभिन्न मार्गों पर श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। शोभायात्रा में सजे-धजे रथ पर भगवान बलभद्र की झांकी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। श्रद्धालु झांकी के दर्शन कर भगवान का आशीर्वाद लेते रहे।
आयोजक कमेटी के सदस्यों ने बताया कि भगवान बलभद्र का पूजनोत्सव कलवार समाज की आस्था एवं परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। प्रत्येक वर्ष समाज के लोगों द्वारा इसे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। पूजनोत्सव का उद्देश्य समाज में एकजुटता एवं आपसी भाईचारे को मजबूत करना भी है। कार्यक्रम में आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
‘जगह-जगह लगाए गए सेवा स्टाल
शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर सेवा स्टाल लगाए गए थे। इन स्टालों पर समाज के लोगों द्वारा श्रद्धालुओं को ठंडा पानी एवं लस्सी पिलाई गई। गर्मी के बीच श्रद्धालुओं को ठंडा पानी और लस्सी उपलब्ध कराकर लोगों ने सेवा भाव का परिचय दिया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए पानी की विशेष व्यवस्था की गई थी। वहीं, शोभायात्रा के दौरान मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने भी आगे बढ़कर श्रद्धालुओं की सेवा की। उन्होंने श्रद्धालुओं को पानी एवं लस्सी पिलाई। इससे आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश देखने को मिला।
सेवा में जुटे लोगों ने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं और ऐसे अवसर पर सभी समुदायों की सहभागिता आपसी प्रेम और सद्भाव को मजबूत करती है। पूरे आयोजन के दौरान शहर में उत्सवी माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं की भीड़ और जयघोष से प्रमुख मार्गों पर भक्ति का वातावरण नजर आया। आयोजकों एवं समाज के लोगों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।
पूरे शोभायात्रा के दौरान बख्तियारपुर थानाध्यक्ष जयशंकर कुमार, दारोगा दयानंद महतो, रामनाथ पासवान सहित कई पुलिस कर्मी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चौकस रहे।



