
रांची। सिमरिया विधानसभा क्षेत्र में युवाओं के लिए तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने को लेकर विधायक कुमार उज्ज्वल ने आज रांची में श्रम, नियोजन एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री श्री संजय प्रसाद से मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान विधायक कुमार उज्ज्वल ने सिमरिया विधानसभा क्षेत्र में ITI कॉलेज एवं मेगा स्किल सेंटर की स्थापना को लेकर विशेष चर्चा की। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक प्रशिक्षण एवं रोजगारोन्मुखी कौशल से जोड़ने के लिए इन संस्थानों की आवश्यकता से मंत्री को अवगत कराया।
विधायक के अनुसार, मंत्री श्री संजय प्रसाद ने दोनों योजनाओं को लेकर सकारात्मक सहमति व्यक्त करते हुए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कृषि आधारित उद्योगों की स्थापना पर भी हुई चर्चा
बैठक के दौरान सिमरिया विधानसभा क्षेत्र में कृषि आधारित उद्योगों सहित अन्य उद्योगों की स्थापना एवं औद्योगिक विकास को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और रोजगार के अवसर विकसित करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
मंत्री श्री संजय प्रसाद ने इस दिशा में सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।
विधायक कुमार उज्ज्वल ने कहा कि सिमरिया विधानसभा क्षेत्र के युवाओं को कौशल, रोजगार और क्षेत्र में औद्योगिक विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
