
चतरा: सिमरिया विधायक कुमार उज्जवल ने झारखंड विधानसभा में तारांकित प्रश्न के माध्यम से चतरा सदर अस्पताल में CT Scan एवं MRI जैसी महत्वपूर्ण जांच सुविधाओं के अभाव का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
विधायक ने कहा कि इन आवश्यक जांच सुविधाओं के उपलब्ध नहीं होने के कारण चतरा जिले के मरीजों को जांच के लिए दूसरे जिलों का रुख करना पड़ता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को अतिरिक्त समय और आर्थिक बोझ उठाने के साथ-साथ इलाज में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
सरकार की ओर से दिए गए उत्तर के अनुसार, सदर अस्पताल चतरा में CT Scan मशीन की खरीद के लिए ₹2 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है, जबकि इसके लिए ₹1.50 करोड़ की राशि आवंटित की जा चुकी है। सरकार ने यह भी बताया कि अस्पताल में वर्तमान में 6 विशेषज्ञ चिकित्सक, 2 दंत चिकित्सक एवं 1 मनोचिकित्सक कार्यरत हैं।
विधायक कुमार उज्जवल ने कहा कि चतरा के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूसरे जिलों पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। उन्होंने CT Scan एवं MRI सहित आवश्यक अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं सदर अस्पताल में जल्द उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को अपने ही जिले में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।



