अजब-गजबअपराधझारखंडताजा खबरराज्यस्वास्थ्य

नवजात बच्चे के शव को कुत्ते द्वारा लेकर घूमना अस्पताल की विधि व्यवस्था पर प्रश्न चिन्ह खड़ा करता है – अमित तिवारी

नवेंदु मिश्र

मेदिनीनगर –   भाजपा जिला अध्यक्ष अमित तिवारी ने कहा कि   मेदिनीनगर अस्पताल में नवजात बच्चे के शव को कुत्ते द्वारा ले कर विचरण की घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है।
उन्होंने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं पर  गंभीर सवाल उठाए और, दोषियों पर कार्रवाई की मांग भी की। मेदिनीनगर स्थित अस्पताल में नवजात शिशु के शव को कुत्ते द्वारा ले जाने की घटना पर भारतीय जनता पार्टी के पलामू जिलाध्यक्ष अमित तिवारी ने गहरी चिंता और आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर इस प्रकार की घटना होना स्वास्थ्य व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
अमित तिवारी ने कहा कि अस्पताल में नवजात शिशुओं और मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके बावजूद यदि अस्पताल परिसर में कुत्ते खुलेआम घूमते हैं और नवजात शिशु तक उनकी पहुंच हो जाती है, तो यह व्यवस्था की गंभीर खामी को दर्शाता है। ऐसी घटनाएं अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली को उजागर करती हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार और स्वास्थ्य विभाग को इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। साथ ही, अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की आवश्यकता है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने मांग की कि घटना की जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि मरीजों और नवजात शिशुओं को सुरक्षित एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार और अस्पताल प्रबंधन की जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए ।

Related Articles

Back to top button