किशनगंज : 39.13 ग्राम स्मैक के साथ बंगाल के दो युवक गिरफ्तार

किशनगंज, 16 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पोठिया थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल के दो युवकों को 39.13 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से नशीला पदार्थ के अलावा दो स्मार्टफोन और लाल रंग की हीरो ग्लैमर बाइक भी जब्त की है। गिरफ्तार दोनों युवक बाइक से स्मैक लेकर पश्चिम बंगाल के रामगंज जाने की तैयारी में थे।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर पोठिया थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर कैप्टन संजय पांडे को गुप्त सूचना मिली कि दो युवक बाइक से नशीला पदार्थ लेकर बेलुवा-रामगंज मुख्य पथ के केचकेचीपाड़ा होकर पश्चिम बंगाल के रामगंज जाने वाले हैं। सूचना के बाद अंचल अधिकारी सह मजिस्ट्रेट मोहित राज की मौजूदगी में विशेष पुलिस टीम गठित कर दफ्तरी टी फैक्ट्री केचकेचीपाड़ा के समीप वाहन जांच शुरू की गई।
इसी दौरान लाल रंग की हीरो ग्लैमर बाइक पर सवार दो युवक पुलिस टीम को देखकर भागने लगे। पुलिस जवानों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान पश्चिम बंगाल के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के धुर्रा गांव निवासी तनवीर आलम (32), पिता मो. सलाउद्दीन और चतरागाछ गांव निवासी अलाउद्दीन (35), पिता महीमुद्दीन के रूप में हुई।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी लेने पर तनवीर आलम की जेब से प्लास्टिक में रखा 39.13 ग्राम स्मैक बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर बाइक व मोबाइल फोन जब्त कर लिया।
थानाध्यक्ष कैप्टन संजय पांडे ने बताया कि दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पोठिया थाना कांड संख्या 293/26 दर्ज किया गया है। दोनों को रविवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब बरामद स्मैक के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
उन्होंने बताया कि बंगाल से आने-जाने वाले वाहनों की लगातार सघन जांच की जा रही है। मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई में एसआई सलाउद्दीन अंसारी, पीएसआई मनीष कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।



