किशनगंज : अंचल कार्यालय की अव्यवस्था पर डीएम सख्त, पंजी संधारण में सुधार का निर्देश

किशनगंज, 05 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी नवीन कुमार ने शनिवार को भ्रमण कार्यक्रम के दौरान किशनगंज अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न पंजियों के संधारण एवं कार्यालय की व्यवस्था में कमी पाए जाने पर उन्होंने संबंधित कर्मियों को कड़ी चेतावनी देते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
डीएम ने निरीक्षण के क्रम में अंकेक्षण पंजी, अनुक्रमण पंजी, बासगीत पर्चा पंजी, बंदोबस्त पंजी, अतिक्रमणवाद पंजी, खतियान रजिस्टर-टू सहित अन्य पंजियों की जांच की। पंजियों का सही तरीके से संधारण नहीं पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई।उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि कार्यालय की सभी पंजियों को वर्तमान वर्ष के अनुरूप अद्यतन करते हुए व्यवस्थित तरीके से संधारित करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने अंचल कार्यालय परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले आम लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। ‘सबका सम्मान, जीवन आसान (ईज ऑफ लिविंग)’ के तहत डीएम ने अंचल कार्यालय में आने वाले आवेदकों के लिए समुचित बैठने, पेयजल एवं साफ-सुथरे शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से अपनी समस्याएं लेकर आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
डीएम ने अधिकारियों एवं कर्मियों को आवेदकों की समस्याओं और प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यालयी कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अभिलेखों के रखरखाव में किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अंचलाधिकारी सहित संबंधित विभाग के कर्मी मौजूद थे।



