District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़स्वास्थ्य

किशनगंज : सदर अस्पताल का एसडीओ ने किया औचक निरीक्षण

अनधिकृत लोगों और निजी एंबुलेंस की गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश

किशनगंज, 05 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, सदर अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार ने सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। जिला पदाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर किए गए निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने अस्पताल परिसर की व्यवस्था, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति तथा मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में अनधिकृत रूप से घूम रहे लोगों की पहचान कर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली गई। अस्पताल परिसर में ऐसे लोगों की मौजूदगी को लेकर एसडीओ ने अस्पताल प्रशासन को सतर्क रहने तथा अनधिकृत गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने का निर्देश दिया।

एसडीओ ने चिकित्सकों एवं नर्सों की उपस्थिति की भी जांच की। इस दौरान ड्यूटी रोस्टर के अनुसार चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिया कि रोस्टर के अनुरूप सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहें, ताकि मरीजों को इलाज के लिए किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।अस्पताल परिसर की साफ-सफाई और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया। एसडीओ ने स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के साथ मरीजों को आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

इसके अलावा अस्पताल परिसर में अनधिकृत निजी एंबुलेंस की मौजूदगी की भी जांच की गई। अस्पताल परिसर में बिना अनुमति निजी एंबुलेंस के संचालन या उनके खड़े रहने पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने को कहा गया।एसडीओ ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया कि परिसर में अनुशासन और स्वच्छता बनाए रखने के साथ चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों की रोस्टर के अनुसार उपस्थिति सुनिश्चित करें। साथ ही अनधिकृत व्यक्तियों एवं निजी एंबुलेंस की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button