किशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : बाल विवाह के खिलाफ स्लोगन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिया जागरूकता का संदेश

किशनगंज, 05 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के प्रति छात्र-छात्राओं में जागरूकता और संवेदनशीलता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। राहत संस्था एवं जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बाल विवाह के खिलाफ प्रभावी संदेश दिए। प्रतियोगिता का आयोजन पीएम श्री प्लस टू प्रोजेक्ट आजाद उच्च विद्यालय, पोठिया एवं प्लस टू प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल, पोठिया में किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने बाल विवाह के दुष्परिणाम, बाल अधिकार, शिक्षा के महत्व तथा बाल विवाह समाप्त करने की आवश्यकता से संबंधित प्रेरणादायक स्लोगन प्रस्तुत किए।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त कुल पांच छात्र-छात्राओं को संस्था की ओर से सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान विद्यार्थियों को बाल विवाह के खिलाफ आवाज उठाने और स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में बाल विवाह को बच्चों के अधिकार, शिक्षा और उनके बेहतर भविष्य में बाधक बताते हुए इसके खिलाफ सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर जोर दिया गया। संस्था के प्रतिनिधियों ने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए कानून के साथ सामाजिक जागरूकता भी जरूरी है। विद्यालय स्तर पर इस तरह के कार्यक्रमों से बच्चों में जागरूकता बढ़ाने के साथ समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचता है। राहत संस्था एवं जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग के लिए विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार के प्रति आभार जताया। साथ ही बाल विवाह मुक्त किशनगंज और बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण के लिए जागरूकता अभियान लगातार जारी रखने का संकल्प दोहराया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button