किशनगंज : बिना कागजात ले जाए जा रहे 80 बोरा डीएपी खाद जब्त, चालक फरार
किशनगंज, 01 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, सदर थाना क्षेत्र के लम्बा बस्ती चकला आदिवासी टोला के पास कृषि विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए 80 बोरा डीएपी खाद लदे पिकअप वाहन को जब्त किया है। प्रत्येक बोरे में 50 किलोग्राम खाद थी। इस तरह कुल 4000 किलोग्राम डीएपी खाद बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
कृषि समन्वयक सह उर्वरक निरीक्षक नीरज कुमार ने इस मामले में सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है। आवेदन के अनुसार, जिला कृषि पदाधिकारी के निर्देश पर सोमवार को लम्बा बस्ती चकला आदिवासी टोला के पास निरीक्षण किया जा रहा था। इसी दौरान चकला-महिनगांव रोड की ओर से काले रंग के तिरपाल से ढका एक सफेद रंग का महिंद्रा बोलेरो पिकअप संदिग्ध अवस्था में आता दिखाई दिया।
निरीक्षण टीम ने वाहन को रोकने का इशारा किया। पुलिस के अनुसार, टीम को देखते ही चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद मामले की सूचना सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार को दी गई। सूचना पर पुलिस पदाधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और वाहन की विधिवत तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पिकअप वाहन में आरसीएफ कंपनी का 18-46-0 ग्रेड का 80 बोरा डीएपी खाद लदा मिला। खाद के संबंध में मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई भी व्यक्ति इसके वैध कागजात या चालान प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद खाद लदे पिकअप वाहन को सदर थाना परिसर लाया गया। कृषि विभाग ने आशंका जताई है कि खाद को कालाबाजारी अथवा जमाखोरी की नीयत से ले जाया जा रहा था। विभाग की ओर से खाद और वाहन की जब्ती सूची तैयार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए आवेदन दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


