किशनगंज : रतनपुर पनासी हाई स्कूल में साइबर जागरूकता अभियान, छात्रों को ऑनलाइन ठगी से बचाव की दी जानकारी
किशनगंज, 01 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र अंतर्गत रतनपुर पनासी हाई स्कूल में साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर आयोजित अभियान में थाना के पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने छात्र-छात्राओं और उपस्थित लोगों को साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए।
पुलिस कर्मियों ने फर्जी कॉल और मैसेज के माध्यम से होने वाली ठगी के प्रति लोगों को सतर्क किया। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम, डेबिट-क्रेडिट कार्ड, यूपीआई पिन और बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। अनजान लिंक पर क्लिक करने से भी बचने की सलाह दी गई।
अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया का सुरक्षित और जिम्मेदाराना उपयोग करने के संबंध में भी जानकारी दी गई। पुलिस कर्मियों ने बताया कि साइबर ठग विभिन्न तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाने का प्रयास करते हैं। ऐसे में किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक पर बिना सत्यापन के भरोसा नहीं करना चाहिए।
पुलिस ने विद्यार्थियों को यह भी जानकारी दी कि यदि कोई व्यक्ति साइबर फ्रॉड का शिकार हो जाता है तो बिना देर किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करना चाहिए। इसके अलावा नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
पुलिस पदाधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से साइबर सुरक्षा के प्रति सजग और सतर्क रहने की अपील की। साथ ही उन्हें जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।


