किशनगंज : एसपी ने देर रात शहर में किया भ्रमण, गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

किशनगंज, 01 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और रात्रि गश्ती को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने सोमवार देर रात किशनगंज शहरी क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर तैनात पुलिस गश्ती वाहनों और ERSS डायल-112 वाहनों की जांच कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
एसपी ने गश्ती में तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की तत्परता और कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पुलिसकर्मियों से गश्ती व्यवस्था और क्षेत्र की स्थिति की जानकारी भी ली।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने को कहा।
एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही आम लोगों की सुरक्षा और शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की सक्रियता लगातार बनी रहनी चाहिए।
उन्होंने डायल-112 सेवा को भी प्रभावी बनाए रखने और आपातकालीन कॉल पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक के रात्रि निरीक्षण से गश्ती व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों की सक्रियता बढ़ाने के साथ शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।


