झारखंडब्रेकिंग न्यूज़

छात्र हित में सरकार के फैसले का स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने किया स्वागत

रांची 17अगस्त: झारखंड में छात्र-युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार के फैसले का स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों और उनकी चिंताओं को ध्यान में रखते हुए सरकार ने संवेदनशीलता का परिचय दिया है।मंत्री के अनुसार, लगभग छह घंटे चली बैठक के बाद सरकार ने JPSC-14, बैकलॉग 2023-25, JSSC-CGL और TDPL से संबंधित परीक्षाओं को रद्द करने का निर्णय लिया है। साथ ही वर्ष 2014 से अब तक हुई नियुक्ति प्रक्रियाओं की जांच कराने का भी फैसला लिया गया है। डॉ. अंसारी ने कहा कि सरकार का एक कदम पीछे हटना कमजोरी नहीं, बल्कि छात्रों की आवाज सुनने और उनके भविष्य को प्राथमिकता देने का संकेत है। उन्होंने कहा कि सरकार के लिए सत्ता से अधिक महत्वपूर्ण छात्र-युवाओं का भविष्य है। उन्होंने इस मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के. राजू की भूमिका का भी उल्लेख किया। उनके मुताबिक, राहुल गांधी ने आंदोलनरत छात्रों की समस्याओं को लेकर राज्य सरकार के समक्ष उनकी मांगें उठाईं, जबकि के. राजू ने भी छात्रों की समस्याओं के समाधान की दिशा में भूमिका निभाई। स्वास्थ्य मंत्री ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राहुल गांधी और के. राजू के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह फैसला झारखंड के छात्र-युवाओं की मेहनत और उनके भविष्य के सम्मान से जुड़ा है। उन्होंने बताया कि अब परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की दिशा में काम किया जाएगा। इसके लिए गठित समिति छात्रों, शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों और प्रतिष्ठित संस्थानों से सुझाव लेकर पारदर्शी एवं निष्पक्ष व्यवस्था तैयार करने की दिशा में काम करेगी। डॉ. अंसारी ने कहा कि छात्र देश और राज्य का भविष्य हैं तथा उनकी समस्याओं को सुनना और उनके भविष्य की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है।

 

Related Articles

Back to top button