अररिया : ऑडिशन में ‘हर घर तिरंगा’ थीम पर छात्र-छात्राओं ने दी प्रस्तुति

अररिया, 10 अगस्त (के.स.)। अब्दुल कैय्युम, स्वतंत्रता दिवस-2026 एवं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिला प्रशासन, अररिया द्वारा खेल भवन-सह-व्यायामशाला, अररिया में स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए ऑडिशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ऑडिशन में जिले के विभिन्न कोटि के विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ थीम पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसी कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले प्रतिभागियों के चयन के लिए समूह नृत्य एवं समूह गायन सहित विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं का ऑडिशन कराया गया।
इस संबंध में जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, अररिया सनियाल कुमार ने बताया कि जिले के सभी कोटि के विद्यालयों से छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं संबंधित शिक्षण संस्थानों को अपने संस्थान से किसी एक विधा में छात्र-छात्राओं की प्रतिभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश पूर्व में दिया गया था। ऑडिशन में चयनित प्रतिभागियों को ही स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर जिले के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को अपनी कला एवं प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना तथा उनमें देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करना है।
ऑडिशन के तहत समूह गायन में यू.एच.एस. बलवात अररिया, मोहिनी देवी मेमोरियल स्कूल अररिया, आजाद अकादमी अररिया, +2 रामलाल हाई स्कूल हरिपुर डाक फारबिसगंज, स्टार ग्लोबल पब्लिक स्कूल अररिया, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय जयप्रकाश नगर, आम्रपाली केन्द्र अररिया, आदि द्वारा भाग लिया गया।
इसी प्रकार समूह नृत्य में स्कॉटिश पब्लिक स्कूल अररिया, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय अररिया, आजाद अकादमी अररिया, गोल्डन कैरियर अकादमी कुर्साकांटा, शिशु भारती स्कूल अररिया, मिथिला पब्लिक स्कूल अररिया, ब्राइट लैंड पब्लिक स्कूल, अररिया, यूनिकॉर्न डांस एंड म्यूजिक अकादमी अररिया, अररिया कॉलेज अररिया, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय अररिया, आदि द्वारा ऑडिशन में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।



