झारखंडराजनीति

छात्रों का मुद्दा राज्य का सबसे ज्वलंत विषय, विधानसभा में मजबूती से उठाएगी भाजपा: बाबूलाल मरांडी

रांची। झारखंड का मानसून सत्र 2026 कल  6 अगस्त से शुरू होगा इससे पहले एनडीए विधायक दल की बैठक बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित एनडीए के सभी विधायक मौजूद रहे। बैठक के बाद भाजपा ने जेपीएससी परीक्षा से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामले में उच्च न्यायालय की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग करते हुए इसे राज्य के युवाओं के भविष्य से जुड़ा सबसे बड़ा मुद्दा बताया।

मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि बैठक से पहले नेता प्रतिपक्ष के नेतृत्व में एनडीए विधायक जयपाल सिंह स्टेडियम पहुंचकर पिछले 12 दिनों से आंदोलनरत छात्रों से मिले और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि सभी विधायकों की राय है कि वर्तमान समय में छात्रों का मुद्दा राज्य का सबसे ज्वलंत विषय है।

नवीन जायसवाल ने आरोप लगाया कि 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में केवल पेपर लीक नहीं, बल्कि “पेपर फिक्स” होने के संकेत सामने आए हैं। उन्होंने दावा किया कि कम अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों का चयन हुआ, जबकि अधिक अंक लाने वाले कई उम्मीदवार असफल घोषित किए गए। उनके अनुसार परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी ने सरकार के संरक्षण में घोटाले को अंजाम दिया।

भाजपा ने राज्य सरकार द्वारा कराई जा रही सीआईडी जांच को छात्रों की नजर में केवल “आईवॉश” बताते हुए 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा को तत्काल रद्द करने की मांग की। जायसवाल ने कहा कि कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच के लिए वर्ष 2019 के बाद आयोजित सभी भर्ती परीक्षाओं की जांच उच्च न्यायालय की निगरानी में सीबीआई से कराई जानी चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति, जो परीक्षा एजेंसी में मार्केटिंग मैनेजर था, कथित रूप से कई प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल हुआ और नौकरी दिलाने के नाम पर अभ्यर्थियों से लाखों रुपये वसूले गए। भाजपा ने इस पूरे मामले में सरकार की भूमिका की भी जांच की मांग की।

मुख्य सचेतक ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से नैतिक आधार पर इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि यदि कांग्रेस भी इस मामले में जांच की मांग कर रही है और उसकी बात सरकार नहीं सुन रही है, तो उसे झारखंड सरकार से अपना समर्थन वापस ले लेना चाहिए।

भाजपा ने विपक्षी दलों पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप भी लगाया। जायसवाल ने कहा कि दिल्ली में छात्रों के आंदोलनों का समर्थन करने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी, आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल और समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव झारखंड के छात्रों के समर्थन में सामने नहीं आए।

उन्होंने कहा कि 12 अगस्त तक चलने वाले झारखंड विधानसभा सत्र के दौरान एनडीए के सभी विधायक छात्रों की मांगों को पूरी मजबूती और मुखरता के साथ सदन में उठाएंगे।

बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, सीपी सिंह, मनोज यादव, सत्येंद्र नाथ तिवारी, डॉ. नीरा यादव, अमित कुमार यादव, आलोक चौरसिया, देवेंद्र कुंवर, नागेंद्र महतो, रौशनलाल चौधरी, कुमार उज्ज्वल, रागिनी सिंह, शत्रुघ्न महतो, मंजू कुमारी, आजसू विधायक निर्मल महतो तथा लोजपा विधायक जनार्दन पासवान सहित एनडीए के कई विधायक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button