प्रमुख खबरें

कोशी रत्न सम्मान समारोह की ऐतिहासिक सफलता पर सांसद दिनेश चंद्र यादव से मिला कोशी विकास संघर्ष मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल

सहरसा में पीजीआई चंडीगढ़ की तर्ज पर सुपर स्पेशलिटी एवं कैंसर महा-अस्पताल की मांग को दिल्ली में पुनः प्रमुखता से उठाने का सांसद ने दिया भरोसा

नीलेदु कुमार झा।कोशी विकास संघर्ष मोर्चा, सहरसा के संस्थापक अध्यक्ष अधिवक्ता विनोद कुमार झा एवं मोर्चा के संरक्षक तथा पूर्व जिला पार्षद श्री प्रवीण आनंद ने आज माननीय सांसद एवं “कोशी रत्न-2026” से सम्मानित श्री दिनेश चंद्र यादव से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट कर 12 जुलाई 2026 को रेनबो रिसोर्ट, जिला परिषद परिसर, सहरसा में आयोजित “कोशी रत्न सम्मान समारोह-2026” की ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व सफलता की जानकारी दी।

प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को बताया कि समारोह में कोशी क्षेत्र के हजारों नागरिकों, विभिन्न सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों तथा सभी वर्गों की उल्लेखनीय सहभागिता ने यह स्पष्ट कर दिया कि “कोशी रत्न सम्मान” किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि कोशी क्षेत्र के विकास, जनसेवा और सकारात्मक नेतृत्व के प्रति जनता की सामूहिक श्रद्धा एवं सम्मान का प्रतीक बन चुका है। समारोह को कोशी क्षेत्र के सामाजिक इतिहास की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

भेंट के दौरान कोशी क्षेत्र की स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, रेल एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। इसी क्रम में सांसद श्री दिनेश चंद्र यादव ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री को प्रेषित अपने पत्र की प्रति दिखाते हुए जानकारी दी कि उन्होंने सहरसा में पीजीआई चंडीगढ़ की तर्ज पर सुपर स्पेशलिटी एवं कैंसर महा-अस्पताल की स्थापना की मांग केंद्र सरकार के समक्ष गंभीरता से उठाई है।

उन्होंने कहा कि कोशी विकास संघर्ष मोर्चा पिछले लगभग एक दशक से सहरसा में एम्स की स्थापना हेतु निरंतर संघर्षरत है तथा यह विषय वर्तमान में माननीय सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसी स्थिति में जब सरकार दरभंगा में एम्स की स्थापना की दिशा में कार्य कर रही है, तब कोशी क्षेत्र की वास्तविक स्वास्थ्य आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सहरसा के लिए पीजीआई स्तर के अत्याधुनिक सुपर स्पेशलिटी एवं कैंसर अस्पताल की मांग अत्यंत न्यायसंगत एवं जनहितकारी है। सांसद ने आश्वस्त किया कि वे शीघ्र ही नई दिल्ली जाकर इस विषय को पुनः पूरी मजबूती के साथ केंद्र सरकार के समक्ष उठाएंगे तथा सहरसा की इस महत्वपूर्ण मांग को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएंगे।

इस अवसर पर सांसद श्री दिनेश चंद्र यादव ने कहा, “जनता का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी पूँजी है। कोशी क्षेत्र के विकास, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, आधुनिक आधारभूत संरचना तथा जनकल्याण के लिए मैं अपनी पूरी क्षमता, प्रतिबद्धता एवं सामर्थ्य के साथ निरंतर प्रयास करता रहूँगा।”

उन्होंने कोशी विकास संघर्ष मोर्चा के संस्थापक अध्यक्ष अधिवक्ता विनोद कुमार झा एवं संरक्षक श्री प्रवीण आनंद की सराहना करते हुए कहा कि कोशी क्षेत्र के विकास के लिए उनका दीर्घकालीन एवं सतत संघर्ष प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि “कोशी रत्न-2026” सम्मान उनके सार्वजनिक जीवन का अत्यंत भावनात्मक, अविस्मरणीय एवं गौरवपूर्ण सम्मान है, जिसके लिए वे कोशी विकास संघर्ष मोर्चा के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा समस्त कोशीवासियों के प्रति हृदय से कृतज्ञ हैं।

इस अवसर पर अधिवक्ता विनोद कुमार झा एवं श्री प्रवीण आनंद ने कहा कि कोशी विकास संघर्ष मोर्चा भविष्य में भी कोशी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, जनहित, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तथा सकारात्मक सामाजिक चेतना के लिए पूरी निष्ठा एवं दृढ़ संकल्प के साथ संघर्षरत रहेगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को सम्मानित करना स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपरा का परिचायक है और इसी उद्देश्य से “कोशी रत्न सम्मान समारोह-2026” का आयोजन किया गया, जिसे कोशीवासियों का अभूतपूर्व स्नेह एवं समर्थन प्राप्त हुआ।

प्रेस विज्ञप्ति के अंत में कोशी विकास संघर्ष मोर्चा ने समारोह की ऐतिहासिक सफलता में सहयोग देने वाले सभी नागरिकों, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, मीडिया बंधुओं तथा संघर्षशील साथियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि जनसहभागिता, सामाजिक एकता और सामूहिक प्रयासों के बल पर कोशी क्षेत्र विकास की नई ऊँचाइयों को अवश्य प्राप्त करेगा। भवदीय- विनोद कुमार झा,अधिवक्ता,संस्थापक अध्यक्ष,कोशी विकास संघर्ष मोर्चा,सहरसा

Related Articles

Back to top button