District Adminstrationअपराधकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : 55 लाख की एमडीएमए खेप के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, नेपाल कनेक्शन आया सामने

271 ग्राम मादक पदार्थ बरामद, नेपाली करेंसी और बाइक जब्त, यूपी से लाई जा रही थी खेप, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस

किशनगंज, 27 अक्टूबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और कोचाधामन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 271 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 55 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 15,600 रुपये नेपाली मुद्रा और एक होंडा मोटरसाइकिल भी जब्त की है। कार्रवाई से मादक पदार्थ तस्करी के अंतरराज्यीय और नेपाल कनेक्शन की जांच तेज हो गई है।

मंगलवार को एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर यह कार्रवाई कोचाधामन थाना क्षेत्र के महबूब चौक के पास की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि किशनगंज के रास्ते मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप कोचाधामन की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ-1 के नेतृत्व में एएनटीएफ और कोचाधामन थाना पुलिस की विशेष टीम गठित की गई।

सूटकेस की तलाशी में मिली एमडीएमए की खेप

चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक होंडा मोटरसाइकिल को रोककर उस पर सवार दो व्यक्तियों की तलाशी ली। इस दौरान उनके सूटकेस से 271 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाबीर अंसारी, निवासी दमदमा, बहादुरगंज तथा इमरान खान, निवासी केचना, जिला झापा, नेपाल के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में दोनों के मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के धंधे में शामिल होने की जानकारी मिली है। जब्त खेप उत्तर प्रदेश से लाई जा रही थी और इसे आगे किसी स्थान पर पहुंचाया जाना था। गिरफ्तार नेपाली युवक का पौआखाली में ससुराल भी बताया गया है।

मोबाइल की जांच से खुलेगा तस्करी नेटवर्क का राज

पुलिस अब इस मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। आरोपियों के मोबाइल फोन की तकनीकी जांच के जरिए खेप के स्रोत, संभावित खरीदारों और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपियों की अवैध संपत्ति का पता लगाकर उसे जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। मामले में कोचाधामन थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button