जामताड़ा मामले में स्वास्थ्य मंत्री का भाजपा पर बड़ा हमला, बोले- लाशों पर राजनीति बंद करे भाजपा

रांची: जामताड़ा मामले को लेकर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जामताड़ा में मृतक के परिजनों से मुलाकात के दौरान परिवार ने उन्हें बताया कि भाजपा नेताओं ने ₹20 हजार का लालच देकर उन्हें अस्पताल चलने और नारेबाजी करने के लिए कहा था।
स्वास्थ्य मंत्री का आरोप है कि इसके बाद भाजपा जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में सदर अस्पताल में हंगामा और तोड़फोड़ की गई। इस दौरान डॉक्टरों और नर्सों के साथ दुर्व्यवहार किया गया तथा कंप्यूटर, मशीनें और अन्य सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। उन्होंने दावा किया कि पूरी घटना सीसीटीवी फुटेज में दर्ज है।
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि भाजपा भोली-भाली जनता को गुमराह कर राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, “भाजपा लाशों पर राजनीति करना बंद करे। कानून के हाथ लंबे होते हैं। दोषी जहां भी होंगे, उन्हें कानून के दायरे में लाया जाएगा।”

