*खेलों से ही होगा सशक्त राष्ट्र का निर्माण, प्रतिभाओं को निखारेगा बिहार: डॉ. प्रेम कुमार*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/बिहार विधान परिषद के एनेक्सी सभागार में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान ‘ब्रह्मभट्ट युवा जागरण खेल महाकुंभ सीजन-03’ की आधिकारिक ट्रॉफी का अनावरण करते हुए बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने आयोजक मंडल को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई दी और सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, समर्पण, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से युवा खेल के क्षेत्र में भी बिहार और पूरे भारत का नाम वैश्विक पटल पर रोशन कर सकते हैं। उन्होंने विशेष रूप से युवा खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ खेलने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ युवा ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण करते हैं। बिहार में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, बस आवश्यकता इन्हें सही समय पर पहचानने और बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने की है।
डॉ. प्रेम कुमार ने केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों को रेखांकित करते हुए कहा कि आज आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल मार्गदर्शन में देश भर में खेल संस्कृति को अभूतपूर्व बढ़ावा मिल रहा है। ‘खेलो इंडिया’ जैसे राष्ट्रीय कार्यक्रमों के माध्यम से गाँव और कस्बों के युवाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के बेहतरीन अवसर मिल रहे हैं। इसी तर्ज पर एनडीए सरकार के तहत माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार खेल और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है, जिससे राज्य के प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का उचित मंच मिल रहा है।
इस गरिमामय आयोजन में बिहार सरकार के माननीय शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश तिवारी जी, माननीय मंत्री श्री मदन सहनी जी, श्री संजय सिंह जी, पूर्व सचिव,बिहार क्रिकेट एसोसिएशन,आयोजन अध्यक्ष मनीषा देवी, उपाध्यक्ष डॉ राजू कुमार भट्ट ,सचिव डीके पॉल, संयुक्त सचिव कुमार विनय, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार, मीडिया प्रभारी चंद्रभूषण भट्ट सहित अनेक प्रबुद्धजन, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में युवा साथी उपस्थित रहे।

