
रांची, 11 जुलाई 2026: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि Google के साथ हुआ समझौता राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक एमओयू नहीं, बल्कि झारखंड में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), तकनीक और रोजगार के क्षेत्र में नए दौर की शुरुआत है।
डॉ. अंसारी ने कहा कि यह पहल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। पहली बार झारखंड को आईटी, डिजिटल टेक्नोलॉजी और दुनिया की बड़ी कंपनियों से जोड़ने का प्रयास किया गया है। इससे राज्य के युवाओं को नए अवसर मिलेंगे और रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।
उन्होंने कहा कि Google के वरिष्ठ अधिकारी राकेश रंजन, जो झारखंड से जुड़े हैं, अब राज्य में तकनीकी विकास और युवाओं को वैश्विक अवसरों से जोड़ने में सहयोग करेंगे। उनके अनुभव का लाभ अब झारखंड के छात्रों और युवाओं को मिलेगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जामताड़ा की पहचान अब बदलेगी। उन्होंने कहा कि वहां के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है। Google के सहयोग से उन्हें तकनीकी प्रशिक्षण मिलेगा और वे साइबर अपराध की जगह साइबर टेक्नोलॉजी, एआई और डिजिटल इनोवेशन के क्षेत्र में अपना भविष्य बना सकेंगे।
उन्होंने बताया कि इस साझेदारी से डिजिटल हेल्थ, टेलीमेडिसिन और एआई आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा। इससे लोगों को बेहतर और तेज स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी, वहीं युवाओं के लिए कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर भी तैयार होंगे।
डॉ. अंसारी ने कहा कि अब समय आ गया है कि झारखंड तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़े। उनका लक्ष्य है कि राज्य का हर व्यक्ति आधुनिक तकनीक की मदद से बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अपने ही राज्य में प्राप्त कर सके।
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आभार जताते हुए कहा कि उनकी पहल से देश और दुनिया की बड़ी कंपनियों के साथ जुड़ने का अवसर मिला है। अब इन समझौतों को जमीन पर उतारकर झारखंड को विकास, तकनीक, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता होगी।