अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग की दिशा में LNMI पटना का एक और कदम; जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी (अमेरिका) के प्रो. चार्ल्स हैंकला ने दिया विशेष व्याख्यान

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/: विद्यार्थियों को वैश्विक दृष्टिकोण एवं विश्वस्तरीय शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए ललित नारायण मिश्र आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान (LNMI), पटना ने जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी, अटलांटा (अमेरिका) के पॉलिटिकल साइंस विभाग के प्रोफेसर एवं इंटरनेशनल सेंटर फॉर पब्लिक पॉलिसी (ICePP) के निदेशक प्रो. चार्ल्स हैंकला का विशेष व्याख्यान एवं छात्र संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान, पटना (CIMP) के प्रो. उत्सव कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. एन. विजयलक्ष्मी, आईएएस, निदेशक, LNMI एवं अपर मुख्य सचिव, योजना एवं विकास विभाग, बिहार सरकार द्वारा प्रो. चार्ल्स हैंकला का स्वागत एवं सम्मान कर किया गया। उन्हें बिहार का राजकीय प्रतीक-चिह्न, एक पौधा तथा पारंपरिक शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया, जो बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता तथा भारतीय संस्कृति के “अतिथि देवो भव:” की भावना का प्रतीक है।
अपने स्वागत संबोधन में डॉ. एन. विजयलक्ष्मी ने कहा कि LNMI शैक्षणिक उत्कृष्टता, नवाचार और उत्कृष्ट प्लेसमेंट के लिए निरंतर नई पहचान बना रहा है। उन्होंने बताया कि संस्थान के 30,000 से अधिक पूर्व छात्र देश-विदेश के प्रतिष्ठित संस्थानों एवं संगठनों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि LNMI विद्यार्थियों को वैश्विक दृष्टिकोण, अंतरराष्ट्रीय अनुभव तथा विश्वस्तरीय शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विश्व की प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों एवं अंतरराष्ट्रीय शिक्षाविदों के साथ अपने शैक्षणिक सहयोग को लगातार सुदृढ़ कर रहा है।
“पब्लिक फाइनेंस एंड इकोनॉमिक्स” विषय पर अपने मुख्य व्याख्यान में प्रो. चार्ल्स हैंकला ने प्रभावी सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन, सुशासन, साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण तथा पारदर्शी संस्थाओं के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने वैश्विक अर्थव्यवस्था, सार्वजनिक वित्त की समकालीन चुनौतियों तथा सतत आर्थिक विकास में सार्वजनिक नीतियों की भूमिका पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि सुदृढ़ सार्वजनिक वित्त, पारदर्शी शासन व्यवस्था और प्रभावी नीतियाँ ही समावेशी एवं सतत राष्ट्रीय विकास की आधारशिला हैं।
व्याख्यान के उपरांत आयोजित संवाद सत्र में एमबीए एवं मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन्स (MCA) के विद्यार्थियों ने सार्वजनिक नीति, अर्थशास्त्र, उच्च शिक्षा, वैश्विक शैक्षणिक अवसरों तथा शोध से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे। प्रो. हैंकला ने सभी प्रश्नों का विस्तारपूर्वक उत्तर दिया, जिससे यह सत्र विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं बौद्धिक रूप से समृद्ध रहा।
कार्यक्रम में डॉ. एन. विजयलक्ष्मी, आईएएस, निदेशक, LNMI एवं अपर मुख्य सचिव, योजना एवं विकास विभाग, बिहार सरकार; प्रो. उत्सव कुमार (CIMP); श्री सुधीर कुमार (बी.ए.एस.), कुलसचिव; डॉ. प्रीति सिंह, उप-कुलसचिव; डॉ. मनीषा श्रीवास्तव; डॉ. चंद्रा सिंह सहित संस्थान के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं सामूहिक छायाचित्र के साथ हुआ। यह व्याख्यान LNMI पटना द्वारा अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देने, विश्वस्तरीय विश्वविद्यालयों के साथ साझेदारी को सशक्त बनाने तथा विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए आवश्यक ज्ञान, अनुभव और अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सिद्ध हुआ।


