रातोंरात करोड़पति बनने का सपना, बर्बादी का खेल! ठाकुरगंज में अवैध लॉटरी का काला कारोबार बेखौफ जारी

किशनगंज, 09 जुलाई (के.स.)। आज किस्मत खुलेगी, कल करोड़पति बनेंगे…इसी झूठे और सुनहरे सपने की अंधी सुरंग में ठाकुरगंज का एक बड़ा तबका लगातार धंसता जा रहा है। किशनगंज जिले के ठाकुरगंज में अवैध और कथित रूप से नकली लॉटरी का काला कारोबार बिना किसी खौफ के खुलेआम फल-फूल रहा है। स्थानीय प्रशासन द्वारा समय-समय पर की जाने वाली कार्रवाई के बाद भी यह धंधा हर दिन नए पैर पसार रहा है।
केवल सच’ का स्टिंग: दिनदहाड़े टिकटों का लेन-देन
केवल सच’ की टीम ने जब इस काले कारोबार की जमीनी हकीकत जानने के लिए एक गोपनीय पड़ताल (Sting Operation) की, तो चौंकाने वाले दृश्य सामने आए। ठाकुरगंज के जिलेबिया मोड़ के समीप एक दुकान पर दिन के उजाले में कई लोगों को कथित तौर पर अवैध लॉटरी टिकटों का धड़ल्ले से लेन-देन करते देखा गया। कैमरे में कैद यह बेखौफ गतिविधि साफ बयां करती है कि इस अवैध धंधे को चलाने वालों के मन में कानून का कोई डर नहीं है।
बर्बादी का गणित: ₹10 से ₹50 के टिकट से शुरू होने वाला यह लालच कब एक गरीब की पूरी दिहाड़ी और जमापूंजी निगल जाता है, उसे खुद पता नहीं चलता।
युवा और गरीब तबका सबसे बड़ा निशाना
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह दर्द खुलकर सामने आया कि इस खेल का सबसे घातक असर समाज के सबसे कमजोर हिस्से पर पड़ रहा है।
मजदूर वर्ग की बर्बादी: दिनभर पसीना बहाकर कमाने वाले रिक्शा चालक, दिहाड़ी मजदूर और छोटे दुकानदार अपनी गाढ़ी कमाई इस उम्मीद में लुटा रहे हैं कि शायद अगली सुबह उनकी किस्मत बदल जाएगी।
यह सिर्फ पैसों की बर्बादी का मामला नहीं है। प्रबुद्ध नागरिकों का मानना है कि जुए और अवैध लॉटरी की यह लत समाज को एक गहरे अंधकार की ओर धकेल रही है। जब लॉटरी में पैसे डूबते हैं, तो उसकी भरपाई के अन्य आपराधिक गतिविधियों में जा सकते हैं। साथ ही, अवसाद (Depression) के शिकार होकर युवा वर्ग नशे की गिरफ्त में भी आ रहा है।
खड़े हो रहे हैं गंभीर सवाल?
किसका संरक्षण? मुख्य चौराहों (जैसे जिलेबिया मोड़) पर यह धंधा किसके रसूख और संरक्षण में चल रहा है?
नेटवर्क क्यों नहीं टूटता? पुलिस की छापेमारी के कुछ दिनों बाद ही यह नेटवर्क फिर से कैसे सक्रिय हो जाता है?
यदि समय रहते इस अवैध लॉटरी के सिंडिकेट को जड़ से नहीं उखाड़ा गया, तो यह ‘करोड़पति बनने का सपना’ ठाकुरगंज की पूरी एक पीढ़ी को बर्बाद कर देगा।



