प्रमुख खबरें

*सरदार पटेल ने 565 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की मजबूत नींव रखी : डॉ. प्रेम कुमार*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद//बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने आज पटना में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर साझी विरासत अभियान द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने ‘साझी विरासत, हमारी सियासत’ विषय पर आधारित आकर्षक झांकी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का संपूर्ण जीवन राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। स्वतंत्रता के बाद 565 से अधिक देशी रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने अखंड भारत की मजबूत नींव रखी। उनका योगदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

उन्होंने कहा कि भारत की असली पहचान विविधता में एकता, सांस्कृतिक समृद्धि और सामाजिक समरसता है। भगवान बुद्ध की करुणा, भगवान श्रीराम के आदर्श, भगवान श्रीकृष्ण का कर्मयोग और भगवान महावीर का अहिंसा संदेश हमारी गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत के आधार हैं।

डॉ. कुमार ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर, जननायक कर्पूरी ठाकुर, शहीद जगदेव प्रसाद, शहीद रामफल मंडल, महात्मा ज्योतिबा फुले एवं माता सावित्रीबाई फुले सहित अनेक महापुरुषों ने सामाजिक न्याय, समानता और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इनके विचारों और आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।

उन्होंने कहा कि बिहार की धरती भगवान बुद्ध की ज्ञानभूमि बोधगया, भगवान महावीर की तपोभूमि, नालंदा की ज्ञान परंपरा और वैशाली की प्राचीन लोकतांत्रिक विरासत से समृद्ध है। हमें अपनी इस सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर को संरक्षित करते हुए सामाजिक सद्भाव एवं भाईचारे को मजबूत करना होगा।

उन्होंने कहा कि ‘साझी विरासत अभियान’ केवल अतीत को याद करने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, संवैधानिक मूल्यों और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प है। हमें जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र से ऊपर उठकर एक समरस एवं सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योगदान देना चाहिए।

अंत में उन्होंने साझी विरासत अभियान, बिहार के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आयोजकों को इस सराहनीय आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

 

Related Articles

Back to top button