पीरो में पहली बार एकसाथ जुटे पचास हजार लोग

गुड्डू कुमार सिंह -पीरो। राम नवमी के मौके पर आयोजित शोभायात्रा में जुटी भीड ने पूर्व के सारे रिकार्ड तोड दी। पीरो के लोगों ने पहली बार यहां एक साथ पचास हजार की भीड़ देखी। यहां रामनवमी शोभा यात्रा में शामिल होने के लिए आसपास के गांवों के साथ-साथ तरारी व चरपोखरी प्रखंडों से भी भक्तजन पहुंचे थे। यहां लोगों का पहुंचने का सिलसिला गुरूवार को सुबह से ही शुरू हो गया था। दोपहर होते होते पडाव मैदान लोगों से पूरी तरह पट गया। इधर जब शोभा यात्रा पडाव मैदान से निकलकर सडकों पर पहुंची तो लगभग एक किलोमीटर तक भगवा ध्वज व लोग ही लोग दिख रहे थे।
लोगों में दिखा गजब का सेवा भाव…
यहां राम नवमी शोभायात्रा में शामिल होने पहुंचे भक्तजनों की सेवा में पीरो नगर का बच्चा बच्चा तत्पर दिखाई दिया। कहीं पानी का स्टाल लगा था तो कहीं खीर बाटे जा रहे थे। कहीं नौजवान लोगों को शरबत पिला रहे थे तो कहीं पेठा व बतासे से लोगों का मुंह मीठा कराया जा रहा था। बड़ी संख्या में स्थानीय युवक लोगों की सेवा में जुटे थे। यहां के लोगों की सेवा भाव को देखकर गांवों से आए भक्तजन प्रफुल्लित नजर आए।