अररिया : युवा शक्ति बिहार की प्रगति, थीम पर आज अररिया जिले में बिहार दिवस का हुआ भव्य आयोजन।

बिहार दिवस का आगाज नेताजी सुभाष स्टेडियम, अररिया से प्रभात फेरी के साथ हुआ आगाज।
अररिया/अब्दुल कैय्यूम, युवा शक्ति बिहार की प्रगति, थीम पर 22 मार्च को अररिया जिले में बिहार दिवस 2023 का भव्य आयोजन किया गया। बिहार दिवस का आगाज नेताजी सुभाष स्टेडियम, अररिया से प्रभात फेरी के साथ हुआ। वहीं मुख्य कार्यक्रम स्थल हाई स्कूल अररिया के परिसर में सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लाभुकों के बीच वितरण समारोह का आयोजन एवं विभिन्न विभागों से संबंधित विकासात्मक प्रदर्शनी लगाई गई। नेताजी सुभाष स्टेडियम अररिया में जिला प्रशासन बनाम पत्रकार एकादश के बीच फैंसी क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। देर शाम मुख्य कार्यक्रम स्थल हाई स्कूल अररिया के परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जा रहा है। बिहार दिवस 2023 का आगाज नेताजी सुभाष स्टेडियम, अररिया से प्रभात फेरी के साथ हुआ। जल-जीवन-हरियाली, बाल-विवाह निषेध, दहेज-प्रथा उन्मूलन, नशा मुक्ति पर आधारित प्रभात फेरी में आदर्श मध्य विद्यालय अररिया बाजार, आदर्श मध्य विद्यालय ककुड़वा अररिया, प्लस टू बालिका उच्च विद्यालय अररिया, राजकीय कृत उच्च विद्यालय अररिया, कन्या मध्य विद्यालय खरैया बस्ती अररिया, उत्क्रमित मध्य विद्यालय आजाद नगर अररिया, राजकीय कन्या मध्य विद्यालय अररिया, उत्क्रमित मध्य विद्यालय रहिका टोला, आदि के स्कूली छात्र-छात्राएं, एनसीसी, स्कॉट, एवं सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी शामिल हुए। प्रभात फेरी को उप विकास आयुक्त श्री मनोज कुमार एवं उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर उप विकास आयुक्त ने प्रभातफेरी में शामिल बच्चों सहित समस्त जिले वासियों को बिहार दिवस की शुभकामनाएं दी। बिहार दिवस के अवसर पर हाई स्कूल अररिया के परिसर में मुख्य समारोह का उद्घाटन जिला पदाधिकारी इनायत खान, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष आफताब अजीम पप्पू, उप मुख्य पार्षद गौतम साह एवं उपस्थित सभी पदाधिकारी तथा सभी जनप्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह को संबोधित करते हुए डीएम सभी जिले वासियों को बिहार दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज बिहार के गौरवशाली इतिहास को स्मरण करने दिन है। बिहार की जो आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक पहचान है। जो विरासत है। उस पर गर्व करने का दिन है। बिहार कई क्षेत्रों में अग्रणी रहा है। बिहार विश्व पटल पर भी एक मार्गदर्शक की भूमिका में रहा है। चाहे बात प्रथम गणतंत्र की हो या अन्य किसी भी सामाजिक न्याय की, सद्भाव की, एकता की, तो बिहार एक अलग तरीके का उदाहरण प्रस्तुत करता है। जो सभी लोगों के अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि जैसे घर, घर वालों से बनता है वैसे राज्य, राज्य के निवासियों से बनता है। उन्होंने कहा कि यह मेरे लिए जन्मभूमि नहीं, कर्मभूमि है। लगभग एक दशक बीत जाने के बाद, इससे जो मेरा लगाव है वह मेरी जन्मभूमि से बढ़कर है। क्योंकि मुझे पता है आने वाले दशकों तक और इसके बाद भी जो यह रिश्ता है, कर्मभूमि का, अमिट है। आप लोगों का इस जगह से जितना नाता है उससे उससे कमतर हमारा नहीं है और मुझे लगता है यह जो डोर है और बीते दिनों के साथ यहां की संस्कृति, यहां की तहजीब, यहां की सभ्यता, हम लोगों को और मजबूती प्रदान करती है। प्रशासनिक अधिकारी के तौर पर हम लोगों ने कभी वह फर्क ही महसूस नहीं किया, तो यह बिहार का अपनापन है कि वह गैरों को भी अपना लेता है। हम सब लोगों का यह दायित्व है कि आने वाले जो पीढ़ियां हैं उन सबको अच्छी भावना, अच्छा सद्भाव, सामाजिक सौहार्द और जो विविधता में एकता की बातें हैं उसको हमेशा अपने अंदर जीवंत रखें। यह धरती सब लोगों के लिए पूजनीय है। क्योंकि इससे प्रत्येक दिन कुछ ना कुछ नया सीखने को मिलता है। हर वर्ष की भांति इस बार भी बिहार दिवस बिहार दिवस की एक थीम है। यह थीम युवा शक्ति को समर्पित है। बिहार अनेक जगहों की तरह प्रगति के पथ पर है और हर एक दिन इसमें विकास के नये आयाम गढ़े जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब हम सभी क्षेत्रों में महिलाओं को आगे देखते हैं तो निश्चित रूप से हौसला भी बड़ता है और जब एक महिला विकास करती है तो उसका पूरा परिवार आगे बढ़ता है। उन्होंने अपने संबोधन में महिला सशक्तिकरण, युवा शक्ति पर बल दिया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति के ऊपर दायित्व बड़ा है। उन्हें अपने बड़ों से सीखना है। क्योंकि हमेशा कहा जाता है कि अनुभव का कोई विकल्प नहीं होता है। उन्होंने कहा कि जब आपके युवा शक्ति और उनके अनुभव का मिश्रण होगा तो निश्चित रूप से जो उसका फलाफल निकलेगा, उसके उर्जा से हम आगे बढ़ेंगे। राज्य का भी विकास होगा। उन्होंने जिले वासियों से अपील करते हुए कहा कि आप सभी लोग अपने गौरवशाली इतिहास पर गर्व करें। लेकिन उसके साथ-साथ अपने स्वर्णिम भविष्य की ओर कैसे जाएं, इसके लिए भी हमें प्रयासरत रहना चाहिए। रोज नई चीजें सीखना चाहिए। अपनी पुरानी गलतियों से सीख लेनी चाहिए। प्रेम, भाईचारे के साथ सबके साथ मिलजुल के रहना चाहिए। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार सिंह ने अपने संबोधन में बिहार के इतिहास पर विस्तार पूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हम सभी बिहार वासियों इस बात का संकल्प ले की हमारे सभी कदम विकास, सामाजिक समरसता, सामाजिक समानता, समुदायिक सौहार्द, समाजिक शांति बनाए रखने के प्रयास के तरफ बढ़ते रहें। जिला परिषद अध्यक्ष आफताब अजीम पप्पू ने कहा कि बिहार सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ा है। इसमें सभी प्रशासनिक पदाधिकारी एवं आम नागरिकों का पूर्ण सहयोग रहा है। सभी क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, यातायात आदि क्षेत्रों में सभी लोगों के सहयोग से बिहार ने अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि बिहार को सभी क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए अपना पूर्ण सहयोग दें। उप मुख्य पार्षद गौतम शाह ने कहा कि बिहार प्रगति की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि उद्यमियों को आगे बढ़ाने के लिए कल ही एक कार्यशाला के आयोजित किया जो एक बेहतर प्रयास है। इसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया। उप विकास आयुक्त मनोज कुमार ने कहा कि आज हमारा बिहार प्रगति, उन्नति की ओर अग्रसर है। हम सभी आज संकल्प ले कि बिहार को विकसित बनाने के लिए बेहतर से बेहतर से प्रयास करेंगे। अपर समाहर्ता राधे मोहन झा ने कहा कि बिहार को बंगाल से अलग हुए 111 वर्ष हो गए हैं। यह यात्रा अभूतपूर्व रही है। उन्होंने कहा कि बिहार को विकास के उच्चतर पायदान पर ले जाना है। मुख्य कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी एवं अतिथियों द्वारा गृह रक्षक के चयनित 10 अभ्यर्थियों को चयन पत्र दिया गया। इसी प्रकार सामाजिक सुरक्षा कोषांग अररिया द्वारा 20 लाभुकों को मोट्रराईज्ड ट्राई साइकिल का वितरण, स्वास्थ्य विभाग द्वारा 09 आशा फेसलिटेटर को स्मार्टफोन, जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र अररिया द्वारा 09 अभ्यर्थियों को कुशल युवा कार्यक्रम से संबंधित प्रमाण पत्र तथा बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत 02 लाभुकों को स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, श्रम विभाग द्वारा धावा दल के माध्यम से विमुक्त 05 बालश्रम श्रमिकों को मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रति लाभुकों को 25-25 हजार की राशि, जिला कृषि कार्यालय द्वारा सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन के तहत कृषि यंत्र बैंक की स्थापना हेतु 3 लाभुकों को कृषि यंत्र, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत 05 लाभुकों को प्रति लाभुक 25-25 हजार रूपए का राशि प्रदान किया गया। इसके अलावा मुख्य समारोह में शिक्षा नगर परिषद, श्रम विभाग, डीआरसीसी, खेल, बैंकिंग स्वास्थ्य, आईसीडीएस, के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। वितरण समारोह के उपरांत जिलाधिकारी इनायत खान, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष आफताब अजीम पप्पू द्वारा संयुक्त रूप फीता काट कर विकासात्मक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा विभिन्न विभागों के लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया गया। जिसमें क्रमश: शिक्षा, कृषि, डीआरडीए, आईसीडीएस, पीएचईडी, मत्स्य, स्वास्थ्य, नगर परिषद अररिया, अल्पसंख्यक कल्याण, जीविका, कल्याण, श्रम, विद्युत, परिवहना, आपदा, डीआरसीसी, उद्योग एवं पंचायत कार्यालय द्वारा स्टॉल लगाया गया। मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री राजकुमार, सिविल सर्जन अररिया, अनुमंडल पदाधिकारी अररिया शैलेश चंद्र दिवाकर, अनुमंडल पदाधिकारी फारबिसगंज सुरेंद्र कुमार अलबेला, अनुमंडल पदाधिकारी पदाधिकारी पुष्कर कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता देवेंद्र प्रताप शाही, जिला भू अर्जन पदाधिकारी वसीम अहमद, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सोनी कुमारी, जिला खेल पदाधिकारी नितेश कुमार पाठक, सहायक योजना पदाधिकारी संतोष कुमार सुमन, जिला कृषि पदाधिकारी सहित जिला स्तरीय सभी वरीय पदाधिकारी गण उपस्थित थे।
फैंसी क्रिकेट मैच में जिला प्रशासन सात विकेट से विजय।
बिहार दिवस 2023 के अवसर जिला प्रशासन बनाम पत्रकार एकादश के बीच फैंसी क्रिकेट का मैच आयोजन नेताजी सुभाष स्टेडियम अररिया में किया गया। जिसमें जिला प्रशासन सात विकेट से विजय रहा। पहले बल्लेबाजी करते हुए पत्रकार एकादश ने निर्धारित 12 ओवर में जिला प्रशासन के सामने पांच विकेट पर 99 रनों का लक्ष्य रखा। जिसके जवाब में जिला प्रशासन प्रशासन एकादश द्वारा 10.02 ओवर में तीन विकेट पर 99 रन बनाकर मैच में जीत दर्ज की। पत्रकार एकादश की ओर से मुनमुन सिंह द्वारा अपने टीम के लिए 33 रनों का योगदान किया। वहीं जिला प्रशासन एकादश की ओर से वरीय उप समाहर्ता मेराज जमील द्वारा 55 रनों योगदान दिया गया जिन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। मौके पर सभी वरीय पदाधिकारी गण एवं पत्रकार गण उपस्थित थे।