मॉर्निंग वॉक पर निकले मुखिया पति की गोली मारकर हत्या, अपराधी फरार

सीतामढ़ी. बिहार के सीतामढ़ी जिले में बेखौफ अपराधियों ने मुख्य पति की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना बेलसंड थाना क्षेत्र के जाफरपुर गांव के पास की है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और जांच में जुट गई है।
जाफरपुर पंचायत की मुखिया खुशबू सिंह के पति टुन्ना सिंह बुधवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। सुबह करीब 6 बजे सरकारी स्कूल के पास घात लगाए 4 अपराधियों ने उनपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। उनके साथ 12 साल का बेटा भी था। मुखिया पति को गोली मारने के बाद अपराधी बाइक से फरार हो गए।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
स्थानीय लोगों ने घायल अवस्था में मुखिया पति को अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता नहीं चल सका है कि घटना के पीछे क्या कारण है। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।