किशनगंजन्यायपालिकाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर व्यवहार न्यायालय में दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ

किशनगंज,31मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर रविवार को किशनगंज व्यवहार न्यायालय परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) के तत्वावधान में शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार किशनगंज, सुशांत कुमार ने की।

बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में न्यायिक पदाधिकारियों, न्यायालय कर्मियों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कर्मचारियों ने तम्बाकू, सिगरेट, शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने का संकल्प लिया। उपस्थित लोगों को सामूहिक रूप से शपथ दिलाई गई कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे और समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास करेंगे।

इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुशांत कुमार ने कहा कि तम्बाकू और अन्य नशीले पदार्थ व्यक्ति के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक हैं। इनके सेवन से न केवल व्यक्ति गंभीर बीमारियों का शिकार होता है, बल्कि उसका परिवार भी आर्थिक, सामाजिक और मानसिक रूप से प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण तभी संभव है, जब समाज के सभी वर्ग इसके खिलाफ जागरूक होकर आगे आएं और दूसरों को भी प्रेरित करें।

उन्होंने कहा कि तम्बाकू सेवन से कैंसर, हृदय रोग और श्वसन संबंधी कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए युवाओं को विशेष रूप से इसके प्रति जागरूक करने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से अपने आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ओम शंकर सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी, व्यवहार न्यायालय के कर्मचारी तथा डीएलएसए के कर्मी मौजूद रहे। सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को तम्बाकू एवं नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम का समापन नशामुक्ति के संदेश के साथ किया गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!