ठाकुरगंज : एलआरपी चौक अंडरपास में अवैध वाहन पार्किंग से रोज लग रहा जाम

किशनगंज,09मई(के.स.)। फ़रीद अहमद, पौआखाली थाना क्षेत्र के एलआरपी चौक स्थित अंडरपास में अवैध वाहन पार्किंग के कारण लोगों को आए दिन जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। अंडरपास में और दोनों किनारों पर वाहनों को मनमाने तरीके से खड़ा कर दिए जाने से सड़क संकरी हो जाती है, जिससे आवागमन बाधित होता है।
लोगों का कहना है कि सुबह और शाम के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लगने से राहगीरों, स्कूली बच्चों तथा मरीजों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है।
राहगीरों ने बताया कि अंडरपास के पास लगातार अवैध पार्किंग होने के बावजूद जिम्मेदारों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
मांग उठने लगी हैं कि अवैध पार्किंग पर रोक लगाने, नियमित निगरानी करने तथा यातायात व्यवस्था दुरुस्त करवाने की अतिआवश्यकता है। ताकि लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।



