अपराधकिशनगंजगिरफ्तारीपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: फरार अपराधियों के खिलाफ कुर्की-जब्ती, एक वारंटी गिरफ्तार

किशनगंज,01मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत किशनगंज पुलिस ने फरार अपराधियों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए न्यायालय से निर्गत लंबित इश्तेहार और कुर्की-जब्ती का प्रभावी तामिला किया।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई कर कई मामलों में फरार अभियुक्तों की संपत्ति कुर्क की गई।

जानकारी के अनुसार, पौआखली थाना क्षेत्र के फरार अभियुक्त आरती मुर्मू के विरुद्ध कुर्की की कार्रवाई की गई। वहीं ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में पॉक्सो कांड के फरार अभियुक्त इतवार बेसरा के खिलाफ भी कुर्की-जब्ती की गई। कोचाधामन थाना क्षेत्र में आर्म्स एक्ट के आरोपी नूर आजम उर्फ जलील मुल्ला के विरुद्ध भी इसी प्रकार की कार्रवाई अमल में लाई गई।

इसके अलावा गलगलिया एवं पोठिया थाना क्षेत्र में फरार अभियुक्त माधव दास के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की गई। ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के एक अन्य पॉक्सो कांड में फरार आरोपी राजन महतो के विरुद्ध पूर्वी चम्पारण जिले में जाकर विधिवत इश्तेहार तामिल कराया गया। इसी अभियान के तहत मध निषेध अधिनियम से जुड़े एक मामले में फतेहपुर थाना क्षेत्र के वारंटी जमुना हरिजन को गिरफ्तार किया गया।

एसपी संतोष कुमार ने बताया कि फरार अपराधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और गंभीर मामलों में आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!