किशनगंज : बहादुरगंज में 302.750 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद, दो वाहन जब्त
किशनगंज,16मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बहादुरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने छापेमारी कर 302.750 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद करते हुए दो वाहनों को जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिलेभर में शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को धनपुरा पुलिस पिकेट को गुप्त सूचना मिली कि पश्चिम बंगाल से एक वाहन के माध्यम से अवैध विदेशी शराब छिपाकर बहादुरगंज थाना क्षेत्र की ओर लाई जा रही है।
सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम ने लोहागाड़ा के समीप सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान पौआखाली की ओर से आ रहे दो संदिग्ध वाहनों को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन वाहन चालक गाड़ी रोककर मौके से फरार हो गए। जांच के दौरान पुलिस ने टाटा नेक्सोन (रजिस्ट्रेशन नंबर BR11BJ2665) से कुल 302.750 लीटर विभिन्न ब्रांड की पश्चिम बंगाल निर्मित अवैध विदेशी शराब बरामद की। साथ ही शराब की खेप को पार कराने में उपयोग किए जा रहे लाइनर वाहन मारूति सुजुकी डिजायर (रजिस्ट्रेशन नंबर BR11BP4635) को भी जब्त कर लिया गया।
इस मामले में बहादुरगंज थाना कांड संख्या 166/26, दिनांक 16 मार्च 2026 के तहत बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2018 की धारा 30(ए), 32, 36 और 41 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। साथ ही तकनीकी विश्लेषण के आधार पर इस अवैध शराब के नेटवर्क के फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस तस्करी में शामिल लोगों की अवैध संपत्ति का भी पता लगाकर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी दल में बहादुरगंज थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर संदीप कुमार, पुअनि दिलशाद खान, पुअनि राम बाबू चौधरी, परि पुअनि मुकेश कुमार, सअनि सुनील कुमार समेत सशस्त्र बल, चालक सिपाही और चौकीदार शामिल थे।



