*बिहार दिवस कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा की थीम पर होगा परिवहन विभाग का पवेलियन*
• पैदल यात्रियों के सुरक्षित यात्रा पर किया जाएगा जागरूक, मुफ्त नेत्र जांच की होगी सुविधा
त्रिलोकी नाथ प्रसाद/बिहार दिवस 2026 के अवसर पर पटना के गांधी मैदान में 22 से 24 मार्च तक तीन दिवसीय समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन में बिहार सरकार के विभिन्न विभाग अपने पवेलियन के माध्यम से जनता के बीच अपनी सेवाओं और गतिविधियों को प्रस्तुत करेंगे। परिवहन विभाग इस बार ‘सड़क सुरक्षा’ के विषय पर एक आकर्षक और भव्य पवेलियन लगा रहा है। इस पवेलियन में लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए कई रोचक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। यहां तीन दिनों तक सभी आगंतुकों के लिए मुफ्त नेत्र जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। साथ ही पैदल यात्रियों के सुरक्षित यात्रा, सड़क पर सुरक्षित वाहन चलाने के तरीकों, ट्रैफिक नियमों का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक बनने के बारे में जागरूकता फैलाई जाएगी।
*बच्चों को सड़क सुरक्षा के प्रति किया जाएगा जागरूक*
विभाग बच्चों को विशेष रूप से सड़क सुरक्षा का पाठ पढ़ाएगा ताकि वे छोटी उम्र से ही सुरक्षित व्यवहार अपनाना सीख सकें। पवेलियन में लाइट मोटर व्हीकल (एलएमवी) का सिम्यूलेटर भी लगाया जाएगा, जहां दर्शक अपने ड्राइविंग कौशल की जांच कर सकेंगे। मौके पर लोगों को सुरक्षा कवच के रूप में हेलमेट, रोड सेफ्टी बैंड, चाबी रिंग और सड़क सुरक्षा स्लोगन युक्त रिफ्लेक्टिव टेप वितरित किए जाएंगे। इसके अलावा सड़क सुरक्षा पर आधारित एनिमेशन वीडियो का प्रदर्शन, विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से, क्यूआर कोड के जरिए सेवाओं की जानकारी और विभाग से जुड़ी सेवाओं के लिए 8 सहायता केंद्र काउंटर भी लगाए जाएंगे।
*विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन*
बच्चों और युवाओं को आकर्षित करने के लिए थीम आधारित पेंटिंग प्रतियोगिता, क्विज, पजल गेम, स्लोगन लेखन और संगीत-गायन प्रतियोगिताएं भी होंगी, जिनमें विजेताओं को प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे। पवेलियन में नुक्कड़ नाटक, पपेट शो, कियोस्क सेंटर और सड़क सुरक्षा सेल्फी प्वाइंट भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। साथ ही अंतर्देशीय जल परिवहन (आईडब्ल्यूटी) के जहाज को दर्शाया जाएगा, ट्रैफिक चौराहा, सीएनजी स्टेशन और अलग-अलग मॉडल के इलेक्ट्रिक वाहन व चार्जिंग स्टेशन के आकर्षक कटआउट मॉडल भी प्रदर्शित किए जाएंगे।
*पैदल यात्रियों के लिए सड़क हो सुरक्षित: मंत्री*
परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार दिवस 2026 के इस भव्य आयोजन में सड़क सुरक्षा थीम वाला पवेलियन एक महत्वपूर्ण कदम है। हमारा उद्देश्य है कि हर नागरिक, खासकर पैदल यात्री सड़क व फुटपाथ पर सुरक्षित चल सकें। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ‘सात निश्चय-3’ के तहत पैदल यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है और यह पवेलियन उसी दिशा में हमारा प्रयास है। विभिन्न प्रतियोगिता व जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से हम जनता को व्यावहारिक रूप से सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाना चाहते हैं। ताकि बिहार में सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके।