ताजा खबर

गुजरात में आयोजित ‘सहकार से समृद्धि’ मंथन बैठक में बिहार की सक्रिय भागीदारी

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/गुजरात के गांधीनगर में आयोजित ‘सहकार से समृद्धि’ मंथन बैठक में बिहार सरकार के माननीय मंत्री, सहकारिता विभाग, डॉ० प्रमोद कुमार के साथ सचिव, सहकारिता विभाग, श्री धर्मेन्द्र सिंह सहित विभाग के अन्य पदाधिकारियों ने सहभागिता की। यह उच्चस्तरीय बैठक माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री, श्री अमित शाह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई, जिसमें देश के सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के सहकारिता मंत्रियों ने भाग लेकर सहकारिता क्षेत्र की प्रगति, चुनौतियों एवं भावी रणनीतियों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।

माननीय मंत्री सहकारिता विभाग डॉ. प्रमोद कुमार ने बिहार में सहकारिता क्षेत्र में किए जा रहे सुधारात्मक प्रयासों, पैक्स के सुदृढ़ीकरण, डिजिटलीकरण एवं सदस्यता विस्तार अभियानों की जानकारी साझा की तथा राज्य के अनुभवों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किया।

मंथन बैठक में नई राष्ट्रीय सहकारी नीति के निर्माण, त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय की स्थापना, पैक्स के सुदृढ़ीकरण एवं विस्तार, सहकारी बैंकों की मजबूती तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर मंथन किया गया। इसके अतिरिक्त डेयरी क्षेत्र में सस्टेनेबिलिटी, मत्स्य पालन, अन्न भंडारण योजना, एम-पैक्स की स्थापना, सहकारी संस्थाओं के कंप्यूटरीकरण एवं डिजिटल विस्तार तथा सहकारिता कानूनों में समयानुकूल संशोधन पर भी व्यापक चर्चा हुई।

यह मंथन बैठक ‘सहकार से समृद्धि’ विज़न को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। बैठक का उद्देश्य सहकारिता आंदोलन को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाते हुए इसे ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम बनाना है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!