ताजा खबर

– *77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने ताशकंद में पूर्व प्रधानमंत्री स्व.लाल बहादुर शास्त्री को दी श्रद्धांजलि*

– *ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया की वार्षिक आम सभा की ऐतिहासिक बैठक में हुईं शामिल*
– *अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ ताशकंद उज़्बेकिस्तान के अत्याधुनिक ओलंपिक विलेज का दौरा भी किया*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद:- भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर माननीय केंद्रीय खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह के नेतृत्व में बिहार के प्रतिनिधिमंडल ने ताशकंद में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रतिनिधिमंडल में बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री रवीन्द्रण शंकरण तथा खेल विभाग के सचिव श्री महेंद्र कुमार शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने श्री लाल बहादुर शास्त्री के मेमोरियल कॉर्नर में 21 लाल गुलाबों का गुलदस्ता अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। यह स्थल 1966 के ऐतिहासिक भारत-पाकिस्तान समझौते (ताशकंद घोषणा) की स्मृति में स्थापित किया गया है, जहाँ उनकी मूर्ति एक स्थायी प्रतीक के रूप में खड़ी है। यह दौरा भारत की राजनयिक विरासत, शांतिपूर्ण नेतृत्व और देशहित में सर्वोच्च बलिदान की भावना को याद करने का एक भावुक क्षण रहा।

इसी दिन भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया की 46 वीं वार्षिक आम महासभा में सक्रिय भाग लिया। इस महत्वपूर्ण बैठक में ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया के नए अध्यक्ष के रूप में कतर ओलंपिक कमेटी के प्रमुख हिज हाइनेस शेख जोआन बिन हमद अल थानी का सर्वसम्मति से चुनाव किया गया।
महासभा में उज़्बेकिस्तान के राष्ट्रपति श्री शौकत मिर्जियोयेव, OCA के निर्वाचित अध्यक्ष शेख जोआन बिन हमद अल थानी तथा महानिदेशक श्री हुसैन अल-मुसल्लम सहित सभी एशियाई सदस्य राष्ट्रों के नेशनल ओलंपिक कमेटी के प्रतिनिधि और विभिन्न एशियाई तथा अंतरराष्ट्रीय खेल महासंघों के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे। यह आयोजन एशिया में खेल विकास के क्षेत्र में मजबूत महाद्वीपीय एकता और सहयोग का प्रतीक रहा।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन की अध्यक्ष सुश्री पी.टी. उषा ने किया, जिनके साथ IOA के सीईओ श्री रघुराम अय्यर तथा बिहार से आए सदस्य भी शामिल थे। बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने एशियन आर्चरी फेडरेशन तथा OCA के कार्यकारी सदस्यों के साथ सार्थक चर्चा की, जिसमें भविष्य के सहयोग, खेल विकास योजनाओं और संयुक्त प्रयासों पर विशेष जोर दिया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने ताशकंद में नवनिर्मित ओलंपिक विलेज का भी दौरा किया, जो विश्व स्तरीय खेल सुविधाओं से सुसज्जित है। इस परिसर में स्विमिंग, ट्रैक साइक्लिंग, बॉक्सिंग, फुटबॉल, एथलेटिक्स, हॉकी, हैंडबॉल, वॉलीबॉल, रेसलिंग सहित अनेक खेलों के लिए सभी मौसमों में उपयोग योग्य इनडोर सुविधाएं उपलब्ध हैं।
यह ओलंपिक विलेज एक अनुकरणीय इंफ्रास्ट्रक्चर का उदाहरण है, जो किसी एकल आयोजन के बजाय दीर्घकालिक उपयोग के लिए डिज़ाइन किया गया है। इसकी खासियत मॉड्यूलर डिज़ाइन है, जिसके तहत बिना अंतर्राष्ट्रीय खेल मानकों से समझौता किए सुविधाओं को आवश्यकतानुसार स्थानांतरित किया जा सकता है । उन्नत तकनीक, मॉड्यूलर आर्किटेक्चर और टिकाऊ निर्माण पर आधारित यह मॉडल समयबद्ध तरीके से उच्च गुणवत्ता वाली खेल संरचना तैयार करने की नई संभावनाएं दर्शाता है।
आधुनिक खेल संरचना नियोजन, नवाचारपूर्ण सामग्री उपयोग और कुशल कार्यान्वयन की मह्त्वपूर्ण जानकारियों के साथ यह दौरा बिहार के प्रतिनिधिमंडल के लिए अत्यंत प्रेरणादायक रहा ।ऐसे सकारात्मक अनुभवों से बिहार में विश्व स्तरीय खेल सुविधाओं के निर्माण की दिशा में नई ऊर्जा प्राप्त होगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!