बिहार के भागलपुर में आज सुबह एक धर्मस्थल के पास किसी शातिर तत्व ने मांस फेंक दिया।इसके बाद बढ़ते तनाव को प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई कर नियंत्रित किया।आपको बताते चले की मोजाहिदपुर थानाक्षेत्र के अलीगंज स्थित हनुमान मंदिर के पास रविवार की सुबह शरारती तत्वों ने एक डिब्बे में मांस और आपत्तिजनक पत्र रख दिए।इसे लेकर दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।लोगों ने मुख्य सड़क पर जाम लगाते हुए आगजनी की और नारे लगाए।प्रशासन ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद लोगों को समझाकर शांत किया।जानकारी के अनुसार मंदिर के पास मांस मिलते ही एक पक्ष के लोगों ने भागलपुर-बांका मुख्य पथ को बांस-बल्ले लगाकर अवरुद्ध कर दिया।दूसरे पक्ष के लोग घटना से अचंभित थे।उनका कहना था कि असामाजिक तत्वों ने सामाजिक सद्भाव बिगाडऩे के लिए यह साजिश रची है।सूचना मिलने पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी रौशन कुशवाहा,सिटी डीएसपी शहरयार अख्तर और विधि-व्यवस्था डीएसपी राजेश कुमार प्रभाकर सैप व पुलिस जवानों के साथ मौके पर पहुंचे।सदर अनुमंडल पदाधिकारी की सूझबूझ से करीब तीन घंटे बाद स्थिति नियंत्रित हुई।आक्रोशित लोगों को अनुमंडल पदाधिकारी ने आश्वासन दिया कि सोमवार को बूचड़खानों के संचालकों,नगर निगम प्रशासन व शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित कर उचित निर्णय लिए जाएंगे।उन्होंने लोगों को समझाया कि यह काम किसी असामाजिक तत्व का है।प्रशासन उनकी मंशा सफल नहीं होने देगा।इस मामले में उन्होंने प्राथमिकी दर्ज कराने व दोषियों को चिह्नित करने का आश्वासन दिया।स्थानीय लोगों ने इलाके में चलने वाले दर्जनों बूचड़खानों को बंद करने की मांग की है। घटना के बाद स्थित तनावपूर्ण, लेकिन नियंत्रण में है।पुलिस वहां एहतियातन कैंप कर रही है। इस बीच नगर में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है।देर शाम शांति समिति की बठक होने वाली है।